कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। भूमि विवाद, बिजली आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास, दिव्यांग सहायता, ऋण स्वीकृति और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े मामलों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Jun 2, 2026 - 19:09
 0  3
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी बिलासपुर l जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोग अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं को लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकांश मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी शिवकुमार बनर्जी और संयुक्त कलेक्टर अभिषेक दीवान ने भी नागरिकों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कार्यक्रम में भूमि विवाद, आवास, विद्युत व्यवस्था, दिव्यांग सहायता, ऋण सुविधा और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए।

ग्राम पंचायत कर्रा के सरपंच ने शासकीय भूमि पर प्रस्तावित तालाब निर्माण स्थल से अवैध कब्जा हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। आवेदन में बताया गया कि चिन्हित स्थल पर एक व्यक्ति द्वारा तार फेंसिंग कर कब्जा किया गया है, जिससे तालाब निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रशासन से अतिक्रमण हटाकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की गई।

सकरी तहसील क्षेत्र के साईं नगर निवासी 64 वर्षीय दिव्यांग शिव कुमार कुर्रे ने बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि ट्राइसाइकिल मिलने से दैनिक कार्यों के साथ-साथ आवागमन में भी सुविधा होगी। इस आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत घुटकू के ग्रामीणों ने लोनिया पारा क्षेत्र को वर्तमान निरतु फीडर से अलग कर घुटकू फीडर से जोड़ने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान विद्युत व्यवस्था के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है। घुटकू फीडर से जोड़ने पर क्षेत्र को बेहतर और नियमित बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

नगर निगम क्षेत्र के चिंगराजपारा निवासी सौरभ रजक ने सब्जी मंडी में सब्जी विक्रय के लिए चबूतरा आबंटन की मांग की। वहीं मस्तुरी विकासखंड के ग्राम सरसेनी निवासी गोवर्धन सिंह जगत ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

जनदर्शन में बैंकिंग सुविधाओं से संबंधित मामला भी सामने आया। तिलक राम जोशी ने बैंक ऑफ बड़ौदा से पुनः ऋण स्वीकृत कराने की मांग करते हुए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वे पिछले दस वर्षों से बैंक के ग्राहक हैं और पूर्व में लिया गया लगभग 1.30 लाख रुपये का ऋण ब्याज सहित चुका चुके हैं, लेकिन नया ऋण स्वीकृत नहीं हो पा रहा है।

बिल्हा क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र के समीप संचालित अंडा-मुर्गी दुकान को हटाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान से निकलने वाली गंदगी स्कूल परिसर तक पहुंच रही है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा सकरी तहसील के ग्राम गोबंद निवासी बालमुकुंद गोंड़ ने भूमि मार्ग अवरुद्ध किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।

कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक आवेदन का उचित निराकरण किया जाएगा।