उचित मूल्य और समय पर भुगतान से किसानों को मिला सहारा, धान खरीदी से बढ़ा भरोसा
कबीरधाम जिले के ग्राम लिमो निवासी किसान बिसेलाल निषाद को धान खरीदी में उचित मूल्य और समय पर भुगतान का लाभ मिला है। पारदर्शी व्यवस्था से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और खेती को लेकर उनका भरोसा बढ़ा है।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। धान खरीदी का समय किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसी अवधि में उन्हें पूरे वर्ष की मेहनत का प्रतिफल मिलता है। जब धान सही समय पर बिकता है, उचित मूल्य प्राप्त होता है और भुगतान बिना देरी के खाते में पहुंच जाता है, तो किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और वे आगे की खेती के लिए आत्मविश्वास के साथ तैयारी कर पाते हैं। कबीरधाम जिले में शासन की सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को वास्तविक राहत मिल रही है।
कबीरधाम जिले के ग्राम लिमो निवासी किसान बिसेलाल निषाद लंबे समय से खेती से जुड़े हुए हैं। इस वर्ष उन्होंने लगभग 1.50 एकड़ भूमि में धान की फसल बोई थी, जिससे उन्हें करीब 32.40 क्विंटल धान का उत्पादन प्राप्त हुआ। उनके पास कुल लगभग दो एकड़ कृषि भूमि है, जिससे वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। खेती के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर वे मजदूरी कर अपनी आमदनी बढ़ाते हैं।
बिसेलाल निषाद ने बताया कि शासन द्वारा धान का उचित मूल्य मिलने से उनकी आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। धान अच्छे दाम पर बिकने से खेती में लगे खर्च को निकालने के बाद भी घर की आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त राशि बच जाती है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अब खेती को और बेहतर ढंग से करने के लिए प्रेरित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान धान खरीदी व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर हो गई है। खरीदी केंद्रों में तौल व्यवस्था, बारदाना की उपलब्धता, बैठने की सुविधा तथा किसानों के लिए सुव्यवस्थित प्रबंधन किया गया है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होने के कारण धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती और किसानों को अनावश्यक भटकना भी नहीं पड़ता।
निषाद ने यह भी बताया कि धान बिक्री के बाद मिलने वाली राशि सीधे उनके बैंक खाते में समय पर जमा हो गई। इस राशि से वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करेंगे तथा शेष रकम से रबी फसल के लिए बीज एवं खाद की व्यवस्था करेंगे, ताकि अगली फसल और बेहतर हो सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से किया जा रहा है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीदी केंद्रों में ऑनलाइन टोकन, माइक्रो एटीएम और त्वरित भुगतान जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन व्यवस्थाओं से किसानों का समय बच रहा है, उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल रही है और शासन की योजनाओं के प्रति उनका भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।