धमतरी में कलेक्टर ने दिव्यांग सायरा बानो को सक्षम प्रोजेक्ट के तहत ई-रिक्शा सौंपा
धमतरी कलेक्ट्रेट में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सक्षम प्रोजेक्ट के तहत दिव्यांग सायरा बानो को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी। इससे सायरा बानो अपनी आजीविका अर्जित कर बच्चों की बेहतर शिक्षा सुनिश्चित कर सकेंगी।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सक्षम प्रोजेक्ट के तहत दिव्यांग सायरा बानो को बीते दिन कलेक्ट्रेट परिसर में ई-रिक्शा की चाबी सौंपकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर सायरा बानो ने वाहन का रिबन काटकर अपनी खुशी व्यक्त की और अधिकारियों का धन्यवाद किया। महापौर रामू रोहरा, डिप्टी कलेक्टर कल्पना ध्रुव और उप संचालक समाज कल्याण डॉ. मनीषा पाण्डे सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
सायरा बानो ने बताया कि कुछ वर्षों पूर्व उनकी बेटी का निधन हो गया, जिसके बाद उनके दोनों पोते-पोतियों की जिम्मेदारी उन्हीं पर आ गई। दिव्यांगता के कारण वे सामान्य मेहनत-मजदूरी के कार्य नहीं कर पा रही थीं। सक्षम प्रोजेक्ट के अंतर्गत ई-रिक्शा मिलने से अब वे इसका संचालन कर अपनी आजीविका अर्जित कर सकती हैं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकेंगी।
कलेक्टर मिश्रा ने इस अवसर पर सायरा बानो को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सक्षम प्रोजेक्ट का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना, उनके कौशल को बढ़ावा देना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना है। यह परियोजना जिले में दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए शुरू की गई है।
इस पहल के तहत दिव्यांगजनों को न केवल प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता दी जाती है, बल्कि उनके व्यवसायिक कौशल को बढ़ाकर उन्हें रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जाते हैं। कलेक्टर की संवेदनशील और मेहनती पहल से जिले के दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास और उम्मीद की नई लहर दौड़ गई है।
सायरा बानो ने ई-रिक्शा प्राप्त होने के बाद हॉर्न बजाकर अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि यह सहायता उनके लिए जीवन बदलने वाली साबित होगी। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान और उनकी सहायता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। सक्षम प्रोजेक्ट के माध्यम से जिले के दिव्यांगजन अब आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी भूमिका निभा सकते हैं और अपने परिवार का जीवन स्तर बेहतर बना सकते हैं।