शादी का झांसा देकर अनाचार के मामले में आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा

जांजगीर-चांपा जिले में शादी का झांसा देकर महिला के साथ अनाचार के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेंद्र राजभर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Aug 14, 2026 - 15:49
 0  24
शादी का झांसा देकर अनाचार के मामले में आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा

UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पाण्डेय, जांजगीर चांपा l शादी का झांसा देकर महिला के साथ अनाचार करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेंद्र राजभर ने पीड़िता से काम करने के दौरान जान पहचान बढ़ाई और बाद में शादी करने का झांसा देकर उसके साथ आपत्तिजनक संबंध बनाए। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई थी।

पुलिस के अनुसार पीड़िता की आरोपी से काम के दौरान पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी ने उससे दोस्ती कर नजदीकियां बढ़ाईं और शादी करने का आश्वासन दिया। आरोप है कि पीड़िता की सहमति के बिना आरोपी ने उसके साथ अनाचार किया। कुछ समय बाद पीड़िता अपने घर वापस आ गई। इसके बाद भी आरोपी जांजगीर-चांपा क्षेत्र में आया और पीड़िता को मिलने के लिए बुलाकर शादी का आश्वासन देता रहा। पीड़िता के विरोध के बावजूद आरोपी द्वारा उसके साथ दोबारा अनाचार किए जाने का आरोप है।

पीड़िता द्वारा शादी के लिए कहे जाने पर आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा और अपना मोबाइल बंद कर उत्तर प्रदेश चला गया। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क तथा सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश के लिए उत्तर प्रदेश रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने आरोपी के बताए गए निवास स्थान पर दबिश दी, जहां वह मौजूद मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम सुरेंद्र राजभर बताया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में पूछताछ किए जाने पर आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से मामले में त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित हुई। पुलिस द्वारा प्रकरण से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना की जा रही है।

उपरोक्त कार्रवाई में निरीक्षक एवं थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, आरक्षक प्रकाश राठौर, महिला आरक्षक संतुका तथा विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।