छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के चयन ट्रायल में पहले दिन 223 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल शुरू हुआ। पहले दिन पंजीकृत 373 खिलाड़ियों में से 223 खिलाड़ी ट्रायल में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 पर सोमवार को दो दिवसीय चयन ट्रायल की शुरुआत हुई। ट्रायल के लिए कुल 373 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से पहले दिन 223 खिलाड़ियों ने मैदान पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी ट्रायल स्थल पहुंचे। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की जड़ें गहरी हैं और ट्रायल में खिलाड़ियों की भागीदारी उनके उत्साह को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिल सके।
छह टीमों के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शामिल होने वाली छह टीमों के खिलाड़ियों के चयन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से यह ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। चयन ट्रायल की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार संचालित की जा रही है।
ट्रायल की निगरानी खेल अधिकारियों, हॉकी विशेषज्ञों, हॉकी संघ के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों के पैनल द्वारा की जा रही है। चयन पैनल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का, बिलासपुर के वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, राजनांदगांव से अनुराग श्रीवास्तव और वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अमिताभ मानिकपुरी शामिल हैं।
29 सितंबर को भी जारी रहेगा ट्रायल
चयन ट्रायल 29 सितंबर को भी सुबह 9 बजे से जारी रहेगा। ट्रायल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची और चयन प्रक्रिया से संबंधित प्रतिवेदन खेल संचालनालय को सौंपा जाएगा। इसी के आधार पर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की छह टीमों का गठन किया जाएगा।
21 अक्टूबर से शुरू होगा पहला सीजन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को राज्य की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इसका पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, रायपुर में प्रस्तावित है।
लीग में छह फ्रेंचाइजी आधारित टीमें शामिल होंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकोट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों का दल होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ी और राज्य के बाहर से चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे।
लीग का उद्देश्य राज्य के उभरते हॉकी खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी अनुभव और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही छत्तीसगढ़ में हॉकी के खेल ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। लीग की टैगलाइन “चलो रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है।