आईजी अमरेश मिश्रा ने ली रायपुर ग्रामीण पुलिस की समीक्षात्मक बैठक, अपराध नियंत्रण पर दिए सख्त निर्देश
रायपुर ग्रामीण जिले में पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई, लंबित मामलों के निराकरण और यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. हसिब अख्तर, रायपुर | रायपुर। को पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा द्वारा जिला रायपुर (ग्रामीण) की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में रायपुर (ग्रामीण) जिले की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य जिले के पुनर्गठन के पश्चात उपलब्ध पुलिस बल, संसाधनों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करना तथा आगामी चुनौतियों से प्रभावी रूप से निपटने हेतु रणनीति तय करना रहा।
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने अधिकारियों को योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि केवल औपचारिक पर्यवेक्षण से आगे बढ़कर कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाना आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक घटना की गंभीर समीक्षा कर अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों को औचित्यपूर्ण और स्पष्ट निर्देश देने पर बल दिया। साथ ही, कार्यक्षमता बढ़ाने एवं जिम्मेदारी तय करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
बैठक में हाल के दिनों में हुई चाकूबाजी की घटनाओं की विशेष समीक्षा की गई। आईजी ने मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब के कारोबार और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अवैध हथियार रखने वालों, चाकूबाजों, अड्डेबाजी करने वालों, गुण्डा-बदमाशों तथा जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराध चालानों, लंबित शिकायतों एवं साइबर अपराधों की भी समीक्षा की गई। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता का पुलिस तंत्र पर विश्वास और मजबूत हो सके।
औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण हेतु बेहतर प्रबंधन व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
कुल मिलाकर यह बैठक रायपुर ग्रामीण जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।