गणतंत्र दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ के शहरी पथ-विक्रेताओं की ऐतिहासिक भागीदारी, पीएम मोदी का मिलेगा आमंत्रण : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
77वें गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के शहरी पथ-विक्रेताओं को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद | रायपुर देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में इस वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य के शहरी पथ-विक्रेताओं की सहभागिता एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पहल के रूप में सामने आई है। पहली बार छत्तीसगढ़ के शहरी पथ-विक्रेताओं को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के पथ-विक्रेता भाई-बहनों को संबोधित भी करेंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने नगर पालिका परिषद मुंगेली के पथ-विक्रेता बाबूलाल बुनकर एवं नगर पालिका परिषद लोरमी के पथ-विक्रेता सोना कुमार कैवर्त्य से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद किया और उन्हें गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित किए जाने पर बधाई दी। दोनों पथ-विक्रेता प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थी हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में ईमानदारी एवं परिश्रम से आजीविका अर्जित कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि यह अवसर केवल दो व्यक्तियों का सम्मान नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के समस्त शहरी पथ-विक्रेताओं के आत्मसम्मान और मेहनत का प्रतीक है। वर्षों से शहरी अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में योगदान देने वाले पथ-विक्रेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना सामाजिक समावेशन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ के पथ-विक्रेताओं को प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं लोटस टेंपल (कमल मंदिर) का भ्रमण भी कराया जाएगा। यह भ्रमण उन्हें देश की लोकतांत्रिक परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय मूल्यों को निकट से समझने का अवसर प्रदान करेगा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत देशभर के लाखों शहरी पथ-विक्रेताओं को स्वरोजगार हेतु वित्तीय सहायता, डिजिटल लेन-देन और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ा जा रहा है। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय मंच पर पथ-विक्रेताओं की भागीदारी इस योजना की सफलता और प्रभावशीलता को दर्शाती है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इस पहल से न केवल पथ-विक्रेताओं का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि राज्य के अन्य पथ-विक्रेताओं को भी मेहनत, अनुशासन और स्वावलंबन की प्रेरणा मिलेगी। 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ के शहरी पथ-विक्रेताओं की सहभागिता समानता, सम्मान और समावेशी विकास के मूल्यों को सशक्त रूप से स्थापित करती है।