रायपुर में 13 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर और महिला साथी गिरफ्तार

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 13.156 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी खड़ियार रोड से गांजा लाकर प्रयागराज ले जा रहे थे और पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर यात्रा कर रहे थे।

Mar 13, 2026 - 17:04
 0  2
रायपुर में 13 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर और महिला साथी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA.हसीब अख्तर, रायपुर | कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस और रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.156 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक अंतर्राज्यीय तस्कर और एक महिला शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को थाना गुढ़ियारी पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग क्षेत्र में एक महिला और पुरुष बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजेंद्र प्रसाद (29 वर्ष) निवासी ग्राम मोचारा खास, थाना सैनी, जिला कौशांबी (उत्तरप्रदेश) और हेमलता कैवर्त्य (30 वर्ष) निवासी ग्राम कारगिरोड, थाना कोटा, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उनके बैग से 13 किलो 156 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में प्रेमी-प्रेमिका हैं और पुलिस से बचने के लिए अक्सर पति-पत्नी बनकर यात्रा करते थे। आरोपी ओडिशा के खड़ियार रोड से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में इसकी तस्करी करने की योजना बना रहे थे।

जप्त किए गए गांजा और मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 6 लाख 77 हजार 800 रुपये आंकी गई है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (IPS) के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई में थाना गुढ़ियारी के थाना प्रभारी निरीक्षक बी.एल. चंद्राकर, उपनिरीक्षक कैलाश केशरवानी तथा आरपीएफ से निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर, सहायक उपनिरीक्षक एल.एन. सिंह, प्रधान आरक्षक वी.सी. बंजारे और आरक्षक विजय सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।