यह कार्यक्रम गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, कोनी (बिलासपुर) में आयोजित होगा, जहां से मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों में बने गौधामों का लोकार्पण करेंगे।
इस अवसर पर कबीरधाम जिले में स्वीकृत 36 गौधामों का भी लोकार्पण किया जाएगा। जिले में मुख्य कार्यक्रम कवर्धा के लोहारा रोड स्थित शहरी गौधाम (स्वर्ण जयंती गौधाम) में आयोजित किया जाएगा, जो 56 भोग चैपाटी के पास स्थित है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर गोपाल वर्मा ने गौधाम संचालन से जुड़ी समितियों के अध्यक्षों और सचिवों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौधामों में पशुधन के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गौधामों में पशुओं के लिए शेड, चारा, स्वच्छ पेयजल और फेंसिंग की व्यवस्था समय पर पूरी की जाए, ताकि घुमंतू और निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
उल्लेखनीय है कि गौ सेवा आयोग द्वारा प्रदेश में घुमंतू और निराश्रित पशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर गौधाम संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इस पहल से पशुधन संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले पशुओं के लिए सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
बैठक में जिला स्तरीय गौधाम समिति के अध्यक्ष सुखचैन चंद्रवंशी, सदस्य मनोज सिंह ठाकुर, सत्यम शुक्ला, नीलकंठ चंद्रवंशी, राजकुमार यादव, विकासखंड स्तरीय गौधाम समिति कवर्धा के अध्यक्ष विष्णु ठाकुर, लोहारा के दीनाराम साहू, बोड़ला के शंकर निषाद, पंडरिया के नंदकुमार यादव सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी और सभी नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।