दुर्ग संभाग के अधीक्षण अभियंता बलवंत पटेल ने कबीरधाम में सड़क निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

दुर्ग संभाग के अधीक्षण अभियंता बलवंत पटेल ने कबीरधाम जिले के चारों विकासखंडों में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पीएमजीएसवाई, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना और अन्य योजनाओं के तहत प्रगति की समीक्षा कर निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Mar 13, 2026 - 18:09
 0  2
दुर्ग संभाग के अधीक्षण अभियंता बलवंत पटेल ने कबीरधाम में सड़क निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

UNITED NEWS ASIA. कवर्धा । दुर्ग संभाग के अधीक्षण अभियंता बलवंत पटेल ने 11 और 12 मार्च को कबीरधाम जिले का दो दिवसीय दौरा कर जिले में संचालित सड़क निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के चारों विकासखंड कवर्धा, लोहारा, बोड़ला और पंडरिया में विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना (MMGSY), मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत प्रगतिरत सड़कों का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से वनांचल क्षेत्रों बोड़ला और पंडरिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों कवर्धा और लोहारा में निर्माणाधीन सड़कों की भौतिक प्रगति और गुणवत्ता का निरीक्षण किया।

दौरे के बाद अधीक्षण अभियंता बलवंत पटेल ने संबंधित ठेकेदारों और विभागीय अभियंताओं के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक भी की। बैठक में उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में उपयोग की जाने वाली सामग्री और डामरीकरण के मानकों में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियंता ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पिछड़ी जनजातीय बस्तियों को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने कवर्धा, लोहारा, बोड़ला और पंडरिया विकासखंडों में चल रहे सभी अधूरे निर्माण कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

अधीक्षण अभियंता ने ठेकेदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्ता की अनदेखी या कार्य में लापरवाही करने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराकर विकास कार्यों को गति दी जाए।