संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की पहली जीत, राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराया; न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। आशीष तानी पूर्ति और शाहरुख ने दो-दो गोल किए। वहीं, चक्रधर चैंपियंस के खिलाफ 4-4 से ड्रॉ खेलने के बाद न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।

Oct 29, 2026 - 11:08
 0  2
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की पहली जीत, राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराया; न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। शमशेर की कप्तानी वाली संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की जीत में आशीष तानी पूर्ति और शाहरुख ने अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। इस मुकाबले को देखने उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग स्टेडियम पहुंचे।

मैच संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और राजधानी रॉयल्स दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि दोनों टीमें इससे पहले जीत दर्ज नहीं कर पाई थीं। टूर्नामेंट में अपनी स्थिति सुधारने के लिए दोनों के सामने जीत हासिल करने की चुनौती थी। मुकाबले की शुरुआत में खिलाड़ियों पर दबाव दिखाई दिया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने संभलकर खेला और गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की। आक्रमण के दौरान संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे आशीष तानी पूर्ति ने गोल में बदलकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई।

इसके बाद राजधानी रॉयल्स ने वापसी के प्रयास तेज किए। हाफ टाइम से ठीक पहले रोशन ने शानदार रिवर्स हिट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और स्कोर 1-1 कर दिया। उनके इस गोल ने मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया। रॉयल्स के डिफेंस ने भी काफी समय तक संस्कारधानी के हमलों को रोकने की कोशिश की, लेकिन शाहरुख को सर्कल के अंदर मिली जगह का फायदा स्ट्राइकर्स ने उठाया। शाहरुख ने रिवर्स फ्लिक के जरिए गोल करके अपनी टीम को फिर बढ़त दिला दी।

इसके बाद आशीष तानी पूर्ति ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की स्थिति मजबूत कर दी। इस गोल के साथ टूर्नामेंट में उनके कुल गोलों की संख्या नौ हो गई। तीसरे क्वार्टर के अंतिम मिनट में शाहरुख ने एक और गोल दागकर टीम की बढ़त बढ़ा दी। दाईं ओर से मिले सटीक पास को उन्होंने गोल में बदल दिया। इसके बाद राजधानी रॉयल्स की ओर से ललित ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल किया, लेकिन टीम मुकाबले में बराबरी नहीं कर सकी। आशीष को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और शाहरुख को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

मैच के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ चंदन कुमार, शारदा ग्रुप के चेयरमैन (वित्त) योगेंद्र शुक्ला, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आदर्श श्रीवास्तव, गोयल ग्रुप के मार्केटिंग हेड चंद्रशेखर और छत्तीसगढ़ प्रदेश सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के महासचिव ओपी शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

इसी दिन खेले गए एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच मैच 4-4 से ड्रॉ रहा। चक्रधर चैंपियंस के युवराज वाल्मीकि ने तीन गोल किए, जबकि न्यायधानी नाइट्स की ओर से केतन ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने के कारण न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।