न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच रोमांचक मुकाबला 1-1 से ड्रॉ, डिफेंस ने दिखाया दम
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। केतन ने नाइट्स को बढ़त दिलाई, जबकि चौथे क्वार्टर में मोहित नायक ने गोल कर टाइटन्स को बराबरी पर ला दिया। शानदार डिफेंस के लिए मुकाबला यादगार रहा। केतन को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और मोहित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों के बीच मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स की ओर से केतन ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि चौथे क्वार्टर में मोहित नायक ने शानदार गोल करते हुए मैनपाट टाइटन्स को बराबरी पर ला दिया। दोनों टीमों के डिफेंडर्स ने पूरे मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम के हमलों को रोकने में अहम भूमिका निभाई। इस परिणाम के बाद मैनपाट टाइटन्स को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए अगले मुकाबले का इंतजार करना होगा।
मैच देखने के लिए सांसद संतोष पाण्डेय, न्यूज़24 मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के संपादक मनोज बघेल, छत्तीसगढ़ प्रदेश कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन के सचिव प्रशांत रघुवंशी, बाल्को के असिस्टेंट मैनेजर रोहताश, बॉडी बिल्डिंग रेफरी संजय शर्मा, पर्यटन अधिकारी संतोष रैदास और एसबीआई के एजीएम रामदास मांझी भी स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने मुकाबले के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
लीग के पिछले मुकाबलों में जहां आक्रामक खेल और फॉरवर्ड खिलाड़ियों के गोल चर्चा में रहे, वहीं इस मैच में दोनों टीमों की रक्षापंक्ति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में अब तक दस से कम गोल खाए थे। अंक तालिका में मजबूत स्थिति रखने वाली इन टीमों के बीच पहले क्वार्टर में कई हमले हुए, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हो रही भारी बारिश ने मैदान पर खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। गीले मैदान के बावजूद दोनों टीमों ने अनुशासित खेल दिखाया।
दूसरे क्वार्टर के अंतिम समय में न्यायधानी नाइट्स ने गोल कर मुकाबले में बढ़त बनाई। केतन ने रिबाउंड पर मिली गेंद को गोलकीपर के पार पहुंचाकर टूर्नामेंट का अपना छठा गोल किया। इसके साथ ही नाइट्स ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। हाफ टाइम तक टीम इसी स्कोर के साथ आगे रही।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला जारी रहा, लेकिन कोई गोल नहीं हुआ। न्यायधानी नाइट्स के डिफेंडर्स ने मैनपाट टाइटन्स की फॉरवर्ड लाइन को लगातार दबाव में रखा और गोल करने के अवसर सीमित कर दिए। ऐसा लग रहा था कि नाइट्स अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला जीत लेगी।
हालांकि, चौथे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने आक्रमण तेज किया और अधिक खिलाड़ियों को आगे बढ़ाया। इसका फायदा टीम को मिला और मोहित नायक ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक इसके बाद कोई और गोल नहीं हुआ। केतन को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और मोहित नायक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब मैनपाट टाइटन्स के पास 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में सेमीफाइनल में जगह बनाने का अवसर रहेगा।