छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: बैलाडिला बुल्स की पहली जीत, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मुकाबला ड्रॉ

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बारिश के बीच खेले गए मुकाबले में बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। राहुल यादव ने निर्णायक गोल किया। दूसरी ओर, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। इस नतीजे के बाद मैनपाट टाइटन्स को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए अगले मुकाबले का इंतजार करना होगा।

Oct 29, 2026 - 10:50
 0  2
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: बैलाडिला बुल्स की पहली जीत, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मुकाबला ड्रॉ

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 28 अक्टूबर को खेले गए मुकाबलों में रोमांच और संघर्ष देखने को मिला। बारिश से प्रभावित मैच में बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत से बैलाडिला बुल्स की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं, जबकि राजधानी रॉयल्स बिना कोई जीत हासिल किए प्रतियोगिता से बाहर हो गई। वहीं, दिन के एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मैच 1-1 से ड्रॉ रहा।

बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराया

बारिश के कारण करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुए मुकाबले में बैलाडिला बुल्स ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम को अपना पहला गोल करने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। सर्कल में मौका मिलते ही राहुल यादव ने जोरदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पूरे 60 मिनट के खेल में यही एकमात्र गोल साबित हुआ।

गीले मैदान के कारण खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गेंद की गति प्रभावित हुई और पास सही जगह तक पहुंचाना मुश्किल रहा। इसके बावजूद दोनों टीमों ने बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश की। बैलाडिला बुल्स के गोपाल पैकरा ने एक और गोल करने का प्रयास किया, लेकिन अंपायर ने उसे अमान्य करार दिया। जसकरण सिंह को पेनल्टी कॉर्नर के मौके भी मिले, मगर टीम उनका फायदा उठाकर बढ़त नहीं बढ़ा सकी।

तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी बारिश का असर खेल पर दिखाई दिया। सर्कल में पानी भरने से खिलाड़ियों की रणनीति प्रभावित हुई। राजधानी रॉयल्स पेनल्टी कॉर्नर पर भी गोल करने में सफल नहीं रही। आखिरकार बैलाडिला बुल्स ने अपनी एक गोल की बढ़त कायम रखते हुए मुकाबला जीत लिया। हिमांशु को प्लेयर ऑफ द मैच और राहुल यादव को स्ट्राइकर ऑफ द मैच चुना गया।

न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मैच 1-1 से ड्रॉ

दिन के दूसरे मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने हमले किए, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर के अंतिम चरण में केतन ने रिबाउंड पर गेंद को गोलकीपर के पार पहुंचाकर न्यायधानी नाइट्स को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह टूर्नामेंट में उनका छठा गोल रहा।

तीसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स की रक्षापंक्ति ने मैनपाट टाइटन्स के हमलों को रोककर अपनी बढ़त बरकरार रखी। हालांकि, चौथे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने आक्रमण तेज किया और मोहित नायक ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद कोई और गोल नहीं हुआ और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

केतन को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और मोहित नायक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। न्यायधानी नाइट्स पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है, जबकि मैनपाट टाइटन्स को अपनी जगह पक्की करने के लिए अगले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। टीम के पास 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका रहेगा।