Axis Bank के ग्राहकों को झटका! 1 दिसंबर से बदलेंगे 6 बैंकिंग नियम, मिनिमम बैलेंस और कैश ट्रांजैक्शन पर बढ़ेगा चार्ज
Axis Bank ने 1 दिसंबर 2026 से सेविंग अकाउंट से जुड़े कई नियमों और सर्विस चार्ज में बदलाव की घोषणा की है। नए नियमों के तहत कुछ खातों में फ्री कैश ट्रांजैक्शन की सीमा घटेगी, मिनिमम बैलेंस नहीं रखने पर अधिकतम 600 रुपये तक चार्ज लग सकता है। इसके अलावा चेक रिटर्न चार्ज, EDGE Rewards पॉइंट और प्रीमियम खातों की TRV शर्तों में भी बदलाव होगा। NRI ग्राहकों के लिए डिलिवरेबल रिटर्न चार्ज बढ़ाकर 500 रुपये किया जा रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. नई दिल्ली। अगर आपका सेविंग अकाउंट Axis Bank में है, तो 1 दिसंबर 2026 से बैंकिंग सेवाओं से जुड़े कुछ बदलाव आपकी जेब पर असर डाल सकते हैं। बैंक ने सेविंग अकाउंट की विभिन्न श्रेणियों के लिए कैश ट्रांजैक्शन, औसत मासिक बैलेंस, चेक रिटर्न और रिवॉर्ड पॉइंट से संबंधित नियमों में बदलाव किया है। इन बदलावों का असर घरेलू और NRI ग्राहकों के साथ-साथ प्रीमियम सेविंग अकाउंट रखने वाले खाताधारकों पर भी पड़ेगा।
फ्री कैश ट्रांजैक्शन की सीमा घटेगी
Axis Bank के EASY ACCESS और इससे जुड़े घरेलू व NRI सेविंग अकाउंट, KRISHI और SAHAJ खातों में महीने के पहले चार कैश ट्रांजैक्शन फ्री होते हैं। 1 दिसंबर से इनकी संख्या घटाकर तीन कर दी जाएगी। इसके अलावा कुल 1 लाख रुपये तक के कैश लेनदेन की सीमा भी लागू रहेगी। इनमें से जो सीमा पहले पूरी होगी, उसके बाद बैंक के निर्धारित चार्ज देने होंगे। ऐसे में नियमित रूप से नकद जमा या निकासी करने वाले ग्राहकों को अपने लेनदेन पर ध्यान देना होगा।
मिनिमम बैलेंस नहीं रखने पर 600 रुपये तक चार्ज
बैंक ने औसत मासिक बैलेंस यानी AMB की शर्त पूरी नहीं करने पर लगने वाले अधिकतम चार्ज में बदलाव किया है। चार्ज की गणना कम रखे गए बैलेंस के 6 प्रतिशत के हिसाब से होगी। घरेलू EASY ACCESS और संबंधित खातों में अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अधिकतम चार्ज 1 दिसंबर से बढ़ाकर 600 रुपये किया जा रहा है। इससे पहले इन क्षेत्रों में अधिकतम चार्ज क्रमशः 300 और 150 रुपये था। NRI EASY ACCESS खातों में भी अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अधिकतम चार्ज 600 रुपये होगा। हालांकि, यह बदलाव सैलरी अकाउंट पर लागू नहीं होगा।
कुछ खातों पर EDGE Rewards पॉइंट बंद
Axis Bank के Burgundy, PRIORITY, PRESTIGE, PRIME NRI और EASY NRI खातों पर 1 दिसंबर से नए EDGE Rewards पॉइंट मिलना बंद हो जाएंगे। इन खातों के ग्राहक बैंकिंग ट्रांजैक्शन के जरिए पहले की तरह नए रिवॉर्ड पॉइंट अर्जित नहीं कर सकेंगे।
प्रीमियम खातों की TRV शर्त बढ़ेगी
बैंक ने कुछ प्रीमियम सेविंग अकाउंट के लिए Total Relationship Value यानी TRV की शर्त भी बदली है। पहले निर्धारित TRV का 75 प्रतिशत बनाए रखना जरूरी था, लेकिन 1 दिसंबर से इसे बढ़ाकर 100 प्रतिशत किया जा रहा है। यह बदलाव PRIME, PRESTIGE, PRIORITY, SAMPANN, ADVANTAGE, ARISE Women’s और Burgundy सहित कुछ घरेलू एवं NRI खातों पर लागू होगा।
चेक रिटर्न पर हर बार 200 रुपये
चेक वापस होने पर लगने वाले चार्ज में भी बदलाव किया गया है। अभी कुछ खातों में पहली बार चेक रिटर्न पर 50 रुपये और उसके बाद 100 रुपये का शुल्क लगता है। 1 दिसंबर से संबंधित खातों में हर बार चेक वापस होने पर 200 रुपये देने होंगे।
NRI ग्राहकों को देना होगा 500 रुपये
NRI Burgundy, PRIORITY, PRESTIGE और PRIME खातों में डिलिवरेबल रिटर्न चार्ज भी बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में लगने वाला 50 रुपये का शुल्क 1 दिसंबर से बढ़कर 500 रुपये हो जाएगा।
बैंक के इन बदलावों को देखते हुए ग्राहकों को सलाह है कि वे अपने खाते की श्रेणी, मिनिमम बैलेंस की शर्त और लागू सर्विस चार्ज की जानकारी पहले ही जांच लें। खासकर प्रीमियम और NRI खाताधारकों को नए नियमों को समझना चाहिए, ताकि अनावश्यक बैंकिंग शुल्क से बचा जा सके।