पुलिस के मुताबिक रेलवे कॉलोनी निवासी जसवंत सिंह ने थाना कोतवाली में सूचना दी थी कि वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए परिवार सहित घर से बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पेटी में रखे कांसा की थाली, परात, बर्तन, प्रेस सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। इस मामले में अपराध क्रमांक 210/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने चोरी के मामलों का जल्द से जल्द खुलासा करने और थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग व गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली ने पुलिस टीम गठित कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और उपलब्ध सुरागों के आधार पर संदेही आरव केवट उर्फ बिस्सू से पूछताछ की।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने रेलवे कॉलोनी स्थित प्रार्थी के घर में चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया कांसा की थाली, परात और अन्य बर्तन बरामद किए गए। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है। इसके बाद प्रार्थी जसवंत सिंह को बुलाकर सामान की पहचान कराई गई, जहां उन्होंने बरामद वस्तुओं को अपने घर से चोरी हुआ सामान बताया।
सामान की बरामदगी और पहचान की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच और आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के लिए गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, एएसआई शोभनाथ लकड़ा, हेड कांस्टेबल राजकुमार सेन, आरक्षक आजाद, आरक्षक प्रमोद यादव (साइबर सेल) और होमगार्ड विनीत सोनी की भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि घर में चोरी या किसी अन्य आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल थाने में एफआईआर दर्ज कराएं। साथ ही क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि चोरी के मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।