कवर्धा मेडिकल कॉलेज में पहले छात्र के प्रवेश पर हिमांशु को विजय शर्मा ने फोन कर दी बधाई

कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले शैक्षणिक सत्र में सहसपुर लोहारा निवासी हिमांशु देवांगन ने प्रवेश लेकर जिले के लिए गौरव का अवसर बनाया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने रायपुर से फोन पर हिमांशु से बातचीत कर उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कॉलेज में इसी सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत हुई है।

Sep 4, 2026 - 08:02
 0  2
कवर्धा मेडिकल कॉलेज में पहले छात्र के प्रवेश पर हिमांशु को विजय शर्मा ने फोन कर दी बधाई

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा के पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत जिले के ही प्रतिभावान विद्यार्थी के प्रवेश के साथ हुई है। सहसपुर लोहारा निवासी हिमांशु देवांगन ने कवर्धा मेडिकल कॉलेज के प्रथम सत्र में प्रवेश लेकर जिले के लिए गौरव का अवसर बनाया है। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने रायपुर से फोन पर हिमांशु से बातचीत कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कवर्धा मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत की जा रही है।

फोन पर बातचीत के दौरान विजय शर्मा ने हिमांशु से उसकी स्कूली शिक्षा, नीट परीक्षा की तैयारी और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए हुई काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। हिमांशु ने बताया कि उसने कक्षा 12वीं में 83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसके साथ ही नीट परीक्षा में उसे 512 अंक प्राप्त हुए हैं। मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए हिमांशु ने भिलाई में कोचिंग भी ली थी। बातचीत में उसने मेडिकल शिक्षा के प्रति अपनी रुचि और आगे की पढ़ाई को लेकर अपनी योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की।

विजय शर्मा ने हिमांशु का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश उसके जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने छात्र को पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत और उपलब्धियों के माध्यम से हिमांशु अपने माता-पिता और परिवार के सपनों को पूरा करने के साथ ही जिले का नाम भी रोशन कर सकता है। उन्होंने मेडिकल शिक्षा पूरी करने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में कार्य कर अनुभव प्राप्त करने तथा आगे बढ़ते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी ध्यान में रखने की बात कही।

उप मुख्यमंत्री ने हिमांशु को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में शिक्षा और अनुभव का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने छात्र से अपने क्षेत्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की। इस बातचीत से हिमांशु और उसके परिवार में भी उत्साह का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हो रहा है। कवर्धा में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से जिले और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का नया अवसर उपलब्ध हुआ है। अब मेडिकल की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी और जिले में ही चिकित्सा शिक्षा का विकल्प उपलब्ध होगा।

कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र में प्रवेश लेने वाला विद्यार्थी भी जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र का निवासी है। ऐसे में कॉलेज की शुरुआत और जिले के विद्यार्थी के प्रवेश का संयोग स्थानीय स्तर पर विशेष उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में यह शुरुआत आने वाले समय में जिले के विद्यार्थियों के लिए नए अवसर पैदा कर सकती है। हिमांशु की उपलब्धि ने भी मेडिकल कॉलेज के प्रथम सत्र को जिले के लिए यादगार बना दिया है।