मूनलाइट स्कूल रायपुर में सम्मान और संस्कृति का उत्सव, विधायक पुरंदर मिश्रा ने बढ़ाया विद्यार्थियों का हौसला
रायपुर के मूनलाइट इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल में आयोजित पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह में विधायक पुरंदर मिश्रा ने विद्यार्थियों को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
UNITED NEWS OF ASIA. हसिब अख्तर, रायपुर | राजधानी रायपुर के न्यू शांति नगर स्थित मूनलाइट इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल एवं भारतीयम हायर सेकेंडरी स्कूल में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ज्ञान, संस्कृति और सम्मान का सुंदर संगम बनकर सामने आया, जहां विद्यार्थियों की प्रतिभा और मेहनत को खुले मंच से सराहा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। रंगारंग नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी कला और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरंदर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने की। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद राजेश गुप्ता, जिला भाजपा सह कार्यालय मंत्री अनूप खेलकर, विद्यालय के संचालक संजय चौबे एवं सुधीर चौबे, तथा शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय शांति नगर की प्राचार्य विद्या सक्सेना शामिल रहीं।
मुख्य अतिथि विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश और प्रदेश का भविष्य हैं तथा शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज और राष्ट्र को नई दिशा मिलती है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं अभिभावकों में भी गर्व की अनुभूति देखने को मिली।
समारोह में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक, सम्मानित पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा भी देता नजर आया।
मूनलाइट स्कूल का यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में यादगार बन गया।