महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मेमू कार शेड भिलाई और रायपुर–भिलाई रेलखंड का किया निरीक्षण

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने रायपुर–भिलाई रेलखंड और मेमू कार शेड भिलाई का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक, सिग्नलिंग, मेंटेनेंस, रनिंग रूम, क्रू लॉबी और सुरक्षा प्रक्रियाओं की समीक्षा की। विभागीय संगोष्ठी में कर्मचारियों को बेहतर समन्वय, जिम्मेदारी और संरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

Nov 18, 2025 - 13:28
 0  10
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मेमू कार शेड भिलाई और रायपुर–भिलाई रेलखंड का किया निरीक्षण

 UNITED NEWS OF ASIA.हसिब अख्तर, रायपुर |  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने 17 नवंबर 2025 को रायपुर–भिलाई रेलखंड का विस्तृत विंडो निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रैक मेंटेनेंस, सिग्नलिंग सिस्टम, कर्व, समपार फाटक, क्रॉसिंग पॉइंट तथा गति प्रतिबंधों से जुड़े परिचालन और संरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा प्रावधानों और परिचालन मानकों का पालन प्राथमिकता के साथ किया जाए। महाप्रबंधक ने मेमू कार शेड भिलाई के लेआउट और कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया तथा पेन्यूमेटिक टेस्ट रूम, इलेक्ट्रिकल टेस्ट रूम, ईएमसी टेस्ट बेंच और मेमू सवारी डिब्बों का निरीक्षण कर मशीनों को मापदंडों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सवारी डिब्बों के वॉशरूम की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं तथा थ्री-फेस एवं कन्वेंशनल मेमू रैक के सुरक्षित परिचालन से संबंधित पैरामीटरों को भी परखा।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न रेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक से मुलाकात कर रेल कर्मचारियों के कल्याण से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की। इसके बाद  तरुण प्रकाश ने संयुक्त क्रू बुकिंग लॉबी, बीएमवाई का निरीक्षण किया और विभागीय संरक्षा संगोष्ठी में शामिल होकर लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, गार्ड और संरक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को जिम्मेदारी और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने SPAD से बचाव, फूट प्लेट निरीक्षण, निर्धारित गति का पालन, इमरजेंसी ब्रेक संचालन, व्हिसिल कोड और लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर के बीच संचार बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

महाप्रबंधक ने कहा कि संरक्षा मानकों का पालन प्रत्येक स्तर पर सुनिश्चित होना चाहिए, और फील्ड कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपनी दक्षता बढ़ानी चाहिए ताकि दुर्घटनारहित संचालन हो सके। उन्होंने लोको पायलटों को सिग्नल की दृश्यता को ध्यान में रखते हुए मानक नियमों का पालन करने और अनुमान के आधार पर संचालन करने से बचने की सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने संयुक्त चालक एवं परिचालक विश्रामगृह में उपलब्ध सुविधाओं—रेस्ट रूम, भोजन, योगा और मेडिटेशन की वास्तविक स्थिति की भी जांच की।

निरीक्षण के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्ष, रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।