गुप्त चेंबर में छिपाकर गांजा तस्करी का प्रयास विफल, चिल्फी पुलिस ने 12.630 किलो गांजा समेत तीन को पकड़ा

कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हुंडई ऑरा कार के गुप्त चेंबर से 12.630 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मामले में दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। पुलिस ने गांजा, कार और तीन मोबाइल समेत कुल 12.11 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

Aug 12, 2026 - 18:08
 0  3
गुप्त चेंबर में छिपाकर गांजा तस्करी का प्रयास विफल, चिल्फी पुलिस ने 12.630 किलो गांजा समेत तीन को पकड़ा

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। चिल्फी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के प्रयास को विफल किया है। पुलिस ने एक हुंडई ऑरा कार के ड्राइवर सीट के पीछे बनाए गए गुप्त चेंबर से 12.630 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मामले में दो आरोपियों सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, कार और मोबाइल फोन समेत कुल 12 लाख 11 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2026 को चिल्फी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हुंडई ऑरा कार में तीन व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर कवर्धा-चिल्फी मार्ग से जबलपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद थाना चिल्फी के सामने एनएच-30 मुख्य मार्ग पर गवाहों की मौजूदगी में नाकाबंदी की गई।

कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार हुंडई ऑरा कार क्रमांक MP-65-ZB-7179 को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई। वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पीछे बनाए गए गुप्त चेंबर से खाकी रंग के टेप में लिपटे 12 पैकेट बरामद हुए। प्राथमिक परीक्षण में मादक पदार्थ गांजा पाए जाने के बाद इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल की गई, जिसमें कुल वजन 12.630 किलोग्राम निकला। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है।

मामले में पुलिस ने हरिओम बंजारा, उम्र 23 वर्ष, लेखराज बंजारा, उम्र 21 वर्ष तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम एवं अन्य लागू प्रावधानों के तहत पृथक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान तलाशी और जब्ती की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। बरामद गांजे के 12 पैकेटों को अलग-अलग तौलकर नियमानुसार सीलबंद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 12.630 किलोग्राम गांजा, हुंडई ऑरा कार, एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल और एक इनफिनिक्स एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 12 लाख 11 हजार रुपये है।

मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपियों से गांजे के स्रोत, संभावित गंतव्य और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक बीरबल साहू एवं थाना चिल्फी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।