छिंदवाड़ा में साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का भव्य शुभारंभ, किसानों को मिला सीधा बाजार

छिंदवाड़ा जिले में 13 दिसंबर 2025 को साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ किया गया। प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने उद्घाटन कर जैविक उत्पादों का अवलोकन किया और डिजिटल भुगतान के माध्यम से खरीदारी की। यह पहल किसानों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए लाभकारी साबित होगी।

Dec 14, 2025 - 11:21
 0  25
छिंदवाड़ा में साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का भव्य शुभारंभ, किसानों को मिला सीधा बाजार

 UNITED NEWS OF ASIA. विरणलाल यादव, छिंदवाड़ा। जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का भव्य शुभारंभ किया गया। वर्षों के सतत प्रयासों के पश्चात दिनांक 13 दिसंबर 2025 को सब्जी मंडी, गुरैया छिंदवाड़ा में इस विशेष हाट बाजार की शुरुआत हुई। इसका उद्घाटन प्रदेश के लोक निर्माण विभाग एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री माननीय  राकेश सिंह जी द्वारा किया गया।

शुभारंभ अवसर पर प्रभारी मंत्री ने विभिन्न स्टॉलों पर लगाए गए जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों द्वारा उगाई गई ताज़ी जैविक सब्जियों और अन्य उत्पादों का स्वाद चखा तथा स्वयं मोबाइल के माध्यम से QR कोड स्कैन कर डिजिटल भुगतान करते हुए खरीदारी की। मंत्री जी ने किसानों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जैविक एवं गौ आधारित प्राकृतिक खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि आम नागरिकों को स्वस्थ और विषमुक्त भोजन उपलब्ध कराने का सशक्त जरिया भी है।

यह साप्ताहिक जैविक हाट बाजार जिले के उन किसानों के लिए एक मजबूत मंच के रूप में सामने आया है, जो जैविक एवं प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। इस बाजार के माध्यम से किसानों को अपने उत्पादों के लिए सीधा उपभोक्ता बाजार मिलेगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा। साथ ही, यह पहल अन्य किसानों को भी गौ आधारित एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर जिले के कृषक  राहुल कुमार वसूले ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। मंत्री जी ने  वसूले के स्टॉल से विशेष रुचि लेते हुए लगभग सभी प्रकार की जैविक सब्जियां एवं नवरत्न आटा क्रय किया। उन्होंने इसकी संपूर्ण राशि स्वयं QR कोड के माध्यम से डिजिटल रूप से अदा की, जिससे डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा मिला।

हाट बाजार में ताज़ी जैविक सब्जियों के साथ-साथ नवरत्न आटा शहरवासियों की विशेष पसंद बना। शाम तक लगभग सभी किसानों की उपज बिक चुकी थी, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है। यह उपलब्धि जिले के लिए उत्साहजनक और ऐतिहासिक मानी जा रही है। कुल मिलाकर यह पहल जैविक खेती, डिजिटल भुगतान और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध हो रही है।