CGAPCON 2025: छत्तीसगढ़ के मेडिसिन स्पेशलिस्ट चिकित्सकों का प्रमुख वार्षिक सम्मेलन 20–21 दिसंबर को रायपुर में
छत्तीसगढ़ एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स (CGAP) का 18वाँ वार्षिक सम्मेलन CGAPCON 2025, 20 और 21 दिसंबर 2025 को रायपुर के होटल सायाजी में आयोजित होगा। सम्मेलन में देशभर के वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ और स्नातकोत्तर विद्यार्थी आधुनिक चिकित्सा के नवीनतम विषयों पर मंथन करेंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स (CGAP) द्वारा आयोजित 18वाँ वार्षिक सम्मेलन CGAPCON 2025 इस वर्ष 20 एवं 21 दिसंबर 2025 को रायपुर के प्रतिष्ठित होटल सायाजी में संपन्न होगा। यह सम्मेलन राज्य का सबसे महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित शैक्षणिक चिकित्सा आयोजन माना जाता है, जिसमें छत्तीसगढ़ सहित देशभर से वरिष्ठ चिकित्सक, मेडिसिन विशेषज्ञ, सुपर-स्पेशलिस्ट, स्नातकोत्तर विद्यार्थी तथा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र से जुड़े पेशेवर बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
CGAPCON 2025 का वैज्ञानिक कार्यक्रम अत्यंत समृद्ध और व्यापक रखा गया है। सम्मेलन के दौरान दो समानांतर हॉलों में विविध शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में आंतरिक चिकित्सा, कार्डियोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, क्रिटिकल केयर, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, संक्रामक रोग एवं अन्य उभरते चिकित्सा क्षेत्रों पर गहन चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में संगोष्ठियाँ, हैंड्स-ऑन कार्यशालाएँ, क्लिनिकल केस डिस्कशन, ओरेशन अवॉर्ड, तथा स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए कार्डियोलॉजी क्विज़, फ्री पेपर प्रेजेंटेशन और ई-पोस्टर सत्र भी शामिल हैं।
इस सम्मेलन का संचालन आयोजन समिति द्वारा किया जा रहा है, जिसमें अध्यक्ष डॉ. संजय वर्मा, सह-अध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव, आयोजन सचिव डॉ. राजीव लोचन खरे, संयुक्त सचिव डॉ. अनुराग अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष डॉ. पंकज मोट्घरे प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति का मुख्य उद्देश्य राज्य के चिकित्सकों को उच्च स्तरीय शैक्षणिक ज्ञान, नवीन शोध और आपसी संवाद का सशक्त मंच प्रदान करना है।
साइंटिफिक समिति के अध्यक्ष डॉ. अरुण केडिया के नेतृत्व में देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों से ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है, जिससे सम्मेलन का अकादमिक स्तर और भी सुदृढ़ होगा। इस वर्ष के प्रमुख विषयों में CAR-T सेल थेरेपी, हार्ट फेल्योर के नवीन आयाम, मल्टीपल स्क्लेरोसिस, मोटापे के आधुनिक उपचार, ऑस्टियोपोरोसिस प्रबंधन, सेप्सिस बायोमार्कर, एआई इन मेडिसिन तथा रोजमर्रा की प्रैक्टिस से जुड़ी अनेक व्यावहारिक क्लिनिकल चुनौतियाँ शामिल हैं।
CGAPCON 2025 न केवल चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन का मंच बनेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।