19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रेलवे का मेगा ब्लॉक, 42 ट्रेनें रद्द और 25 ट्रेनों के रूट में बदलाव

सेंट्रल रेलवे 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक हडपसर और घोरपड़ी के बीच तीसरी रेल लाइन को चालू करने के लिए 16 दिनों का मेगा ब्लॉक लेने जा रहा है। इस दौरान 42 ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रद्द रहेंगी, जबकि 25 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया जाएगा। लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ पुणे लोकल और डीईएमयू सेवाएं भी प्रभावित होंगी।

Sep 9, 2026 - 13:02
 0  2
19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रेलवे का मेगा ब्लॉक, 42 ट्रेनें रद्द और 25 ट्रेनों के रूट में बदलाव

UNITED NEWS OF ASIA. अगर आपने ट्रेन से यात्रा की योजना बनाई है या किसी ट्रेन में रिजर्वेशन कराया है तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। सेंट्रल रेलवे 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक हडपसर और घोरपड़ी के बीच तीसरी रेल लाइन को चालू करने के लिए बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर मेगा ब्लॉक लेने जा रहा है। इस अवधि में रेलवे की कई सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे के अनुसार 42 ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रद्द की जाएंगी, जबकि 25 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित स्टेशन के बजाय बीच के स्टेशनों से शुरू या समाप्त किया जा सकता है।

मेगा ब्लॉक का सबसे अधिक असर पुणे रेलवे लाइन से जुड़ी ट्रेनों पर पड़ने की संभावना है। पुणे से चलने वाली और पुणे होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ स्थानीय और डीईएमयू सेवाएं भी प्रभावित होंगी। रेलवे द्वारा हडपसर और घोरपड़ी के बीच तीसरी रेल लाइन को चालू करने के लिए आवश्यक निर्माण और तकनीकी कार्य किए जाएंगे। इस दौरान पुणे और हडपसर यार्ड में इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग, टेलीकम्युनिकेशन और ओवरहेड इक्विपमेंट से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।

रेलवे के अनुसार मेगा ब्लॉक के दौरान 25 ट्रेनों को उनके सामान्य मार्ग के बजाय वैकल्पिक रूट से संचालित किया जाएगा। ट्रेन नंबर 12221 पुणे-हावड़ा 19 सितंबर और 3 अक्टूबर को डायवर्ट रूट से चलेगी। वहीं 12222 हावड़ा-पुणे 3 अक्टूबर को मनमाड, इगतपुरी, कल्याण, पनवेल, कर्जत और लोनावला होते हुए पुणे पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 22159 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल 19 से 23 सितंबर और 4 अक्टूबर को कल्याण, इगतपुरी, मनमाड और दौंड के रास्ते संचालित होगी। ट्रेन नंबर 11028 सतारा-दादर 3 अक्टूबर को सतारा, जेजुरी, पुणे और लोणावला रूट से जाएगी तथा सतारा से रात 10.30 बजे रवाना होगी।

मेगा ब्लॉक के दौरान 42 ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रद्द रहेंगी। इनमें 12169 पुणे-सोलापुर और 12170 सोलापुर-पुणे ट्रेनें 19 से 23 सितंबर तथा 3 और 4 अक्टूबर को रद्द रहेंगी। इसके अलावा 12116, 12115, 12114, 12113, 11041 और 11042 जैसी ट्रेनों को भी निर्धारित तारीखों पर रद्द किया जाएगा। 4 अक्टूबर को 22105, 22106, 11007, 11008, 11029, 11030, 12127, 12128, 12157, 12158, 11423 और 11424 सहित कई ट्रेनें संचालित नहीं होंगी।

इस मेगा ब्लॉक का असर पुणे-दौंड और पुणे-लोणावला रेल सेवाओं पर भी पड़ेगा। 71407 और 71408 पुणे-दौंड डीईएमयू सेवाएं 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। इसके अलावा 71411, 71412, 71404, 71405, 71401, 71402, 71413, 71419 और 71420 जैसी डीईएमयू सेवाएं भी अलग-अलग तारीखों पर प्रभावित होंगी। पुणे-लोणावला की 99812, 99818, 99813, 99820 और 99821 सबअर्बन सेवाएं 4 अक्टूबर को रद्द रहेंगी। वहीं 71441 और 71442 अहमदनगर-बीड़ डीईएमयू सेवाएं 5 अक्टूबर को संचालित नहीं होंगी।

रेलवे के इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर ब्लॉक के कारण यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। यात्रियों को ट्रेन के रद्द होने, रूट बदलने, समय में बदलाव या शुरुआती और अंतिम स्टेशन में परिवर्तन की जानकारी पहले से प्राप्त कर यात्रा की योजना बनाने की जरूरत होगी। खासकर पुणे, हडपसर, दौंड, लोणावला और आसपास के क्षेत्रों से यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन रवाना होने से पहले रेलवे के आधिकारिक सूचना माध्यमों पर अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचना चाहिए।