जिला चिकित्सालय में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने किया रक्तदान, मानवता की मिसाल पेश की

बुरहानपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती एक महिला मरीज को जब तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ी, तब खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील स्वयं अस्पताल पहुंचे और रक्तदान कर मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके इस कदम की परिजनों और चिकित्सकों ने सराहना की है।

Dec 7, 2025 - 16:25
 0  35
जिला चिकित्सालय में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने किया रक्तदान, मानवता की मिसाल पेश की

 UNITED NEWS OF ASIA.महेश किंगे, नेपानगर | बुरहानपुर जिला चिकित्सालय में एक मानवीय और प्रेरणादायक घटना उस समय देखने को मिली जब गंभीर रूप से भर्ती मरीज को रक्त की तत्काल आवश्यकता थी और कोई साधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। शाहपुर निवासी श्रीमती दीपाली किरण आखरे के इलाज के दौरान A पॉजिटिव रक्त की जरूरत पड़ी, लेकिन परिजन काफी प्रयासों के बाद भी रक्त की व्यवस्था नहीं कर पा रहे थे।

परिजनों ने सोशल मीडिया पर मदद की अपील की और परिचितों से भी संपर्क किया, फिर भी रक्त उपलब्ध नहीं हो सका। इसी दौरान यह जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील तक पहुंची। जानकारी मिलते ही सांसद स्वयं जिला चिकित्सालय पहुंचे और मरीज की स्थिति के बारे में जानकारी लेकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। सांसद के इस कदम से मरीज को समय पर रक्त मिल सका और इलाज में राहत मिली।


मरीज के परिजनों ने भावुक होकर बताया कि उनके लिए यह अविश्वसनीय था कि कोई जनप्रतिनिधि न केवल मदद के लिए आए, बल्कि स्वयं रक्तदान की पहल करे। उन्होंने कहा कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटील का यह योगदान उनके परिवार पर आजीवन ऋण के समान रहेगा। इस अवसर पर उपस्थित सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप मोजेस ने कहा कि किसी गंभीर मरीज के लिए इस तरह आगे आकर रक्तदान करना एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

 यह न केवल मानवता और सेवाभाव को दर्शाता है, बल्कि समाज के अन्य लोगों, विशेषकर युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करता है।
रक्तदान के बाद सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि रक्तदान का अर्थ किसी जरूरतमंद की मदद करना है। जैसे ही उन्हें जानकारी मिली, वे स्वेच्छा से अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि ब्लड बैंक में संग्रहित रक्त किसी भी समय किसी की जान बचा सकता है।

 उन्होंने यह भी कहा कि समाज में अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि किसी भी जरूरतमंद को रक्त की कमी के कारण परेशानी न हो।
इस अवसर पर डॉ. दीपक वाभले, रवि सिंगोतिया सहित अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा। सांसद का यह कदम पूरे जिले में मानवता और संवेदनशीलता का उदाहरण बन गया है।