CRMC भुगतान अटका: बीजापुर में डॉक्टरों ने रोका नक्सलियों का पोस्टमार्टम, प्रशासन के आश्वासन पर काम फिर शुरू
बीजापुर में 11 महीनों से लंबित CRMC प्रोत्साहन राशि को लेकर डॉक्टरों ने विरोध जताते हुए नक्सलियों का पोस्टमार्टम रोक दिया। प्रशासन के हस्तक्षेप व 11 दिसंबर तक भुगतान के आश्वासन पर पोस्टमार्टम शुरू किया गया। आंदोलन अब पूरे बस्तर में फैल चुका है और OPD सेवाएँ शाम से बंद कर दी गई हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. बीजापुर में CRMC नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि के 11 महीनों से लंबित भुगतान के खिलाफ स्वास्थ्यकर्मियों का विरोध बुधवार को गंभीर मोड़ पर पहुंच गया जब जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मृत नक्सलियों का पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया और अत्यधिक जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में लगातार सेवाएँ देने के बावजूद सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि जारी नहीं किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई।
डॉक्टरों के अनुसार प्रति डॉक्टर लगभग ढाई से तीन लाख और प्रति नर्स तीस से चालीस हजार रुपए की राशि लंबे समय से अटकी हुई है जबकि केंद्र सरकार निधि जारी कर चुकी है पर राज्य सरकार आदेश जारी नहीं कर रही जिससे स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल टूट रहा है। पोस्टमार्टम रोकने पर जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और आश्वासन दिया कि CRMC भुगतान 11 दिसंबर 2025 तक जारी कर दिया जाएगा जिसके बाद डॉक्टरों ने जनहित में पोस्टमार्टम पुनः शुरू किया।
यह आंदोलन नारायणपुर से शुरू होकर दंतेवाड़ा, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर और जगदलपुर तक फैल चुका है जहां आज से शाम की OPD सेवाएँ बंद कर दी गई हैं हालांकि आपातकालीन सेवाएँ जारी रहेंगी। स्वास्थ्यकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि 11 दिसंबर तक भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन और तीव्र किया जाएगा।