केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत की गति को देगा नई तेज़ी : पंडरिया विधायक भावना बोहरा

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को मजबूती देगा। किसान, महिला, युवा, मध्यम वर्ग और उद्यमियों को सशक्त करने वाला यह बजट देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति की मजबूत नींव रखेगा।

Feb 1, 2026 - 16:57
 0  13
केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत की गति को देगा नई तेज़ी : पंडरिया विधायक भावना बोहरा

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री  निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे विकसित भारत की दिशा में एक सशक्त और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट विश्वास, विकास और भविष्य की मजबूत नींव है, जो हर भारतीय के उज्ज्वल कल का आधार बनेगा।

भावना बोहरा ने कहा कि यह बजट अर्थव्यवस्था में स्थिरता, दीर्घकालिक विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत की नींव को मजबूत करता है। बजट तीन प्रमुख आधार स्तंभों पर केंद्रित है, जिसमें वैश्विक अस्थिरता के बीच आर्थिक मजबूती बनाए रखना, समाज के हर वर्ग की क्षमताओं का विकास करना और सभी को संसाधनों व अवसरों तक समान पहुंच सुनिश्चित करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि यह बजट किसान, गरीब, महिला, युवा, मध्यम वर्ग और उद्यमियों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। देश के हर जिले में बालिका छात्रावास निर्माण की घोषणा से बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा। वहीं तेंदूपत्ता उद्योग से जुड़े लोगों के लिए टीसीएस की दर 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत किए जाने से छत्तीसगढ़ के आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों के संग्राहकों को सीधा लाभ मिलेगा।

भावना बोहरा ने बताया कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए ₹1,62,671 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिससे कृषि अवसंरचना, सिंचाई, भंडारण और किसान आय में वृद्धि को नई गति मिलेगी। ग्रामीण विकास के लिए ₹2,73,108 करोड़ का प्रावधान गांवों में रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करेगा। परिवहन क्षेत्र के लिए ₹5,98,520 करोड़ का बजट सड़क, रेल और लॉजिस्टिक्स में व्यापक सुधार लाएगा।

उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र के लिए ₹5,94,585 करोड़ तथा गृह मंत्रालय के लिए ₹2,55,234 करोड़ का प्रावधान देश की सुरक्षा और आंतरिक व्यवस्था को मजबूत करेगा। शिक्षा के लिए ₹1,39,289 करोड़ और स्वास्थ्य के लिए ₹1,04,599 करोड़ का प्रावधान युवाओं के भविष्य और आम नागरिकों की सुविधाओं को सशक्त बनाएगा। इसके साथ ही ऊर्जा, शहरी विकास, आईटी और टेलीकॉम क्षेत्र में किए गए निवेश डिजिटल इंडिया और आधुनिक अधोसंरचना को नई ऊंचाई देंगे।

भावना बोहरा ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कैंसर की 17 दवाओं पर आयात शुल्क समाप्त करने तथा दुर्लभ बीमारियों की दवाइयों को ड्यूटी फ्री किए जाने को आम जनता के लिए बड़ी राहत बताया। उन्होंने कहा कि बायोफार्म हब, कंटेंट क्रिएटर लैब, एसएमई विकास निधि, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और नवाचार आधारित योजनाएं देश के युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को नई शक्ति देंगी।

कुल मिलाकर यह बजट विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ और समावेशी राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है।