आम जनता के लिए खुलेगा राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान, 3 फरवरी से 31 मार्च तक फ्री एंट्री, ऑनलाइन ही होगी टिकट बुकिंग
राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान 3 फरवरी 2026 से आम जनता के लिए खोला जा रहा है। यहां प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, लेकिन टिकट केवल ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही मिलेगा। उद्यान 31 मार्च तक खुला रहेगा और हर सोमवार व 4 मार्च को बंद रहेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. नई दिल्ली। आम लोगों के लिए एक बार फिर राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान खुलने जा रहा है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अमृत उद्यान 3 फरवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए खोला जाएगा। खास बात यह है कि इस बार उद्यान में प्रवेश के लिए केवल ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था रहेगी और एंट्री पूरी तरह निःशुल्क होगी।
अमृत उद्यान सप्ताह में छह दिन आम लोगों के लिए खुला रहेगा। रखरखाव कार्य के कारण प्रत्येक सोमवार को उद्यान बंद रहेगा। इसके अलावा होली पर्व के अवसर पर 4 मार्च को भी आम जनता के लिए उद्यान बंद रहेगा। पर्यटक राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।
अमृत उद्यान में सैर करने का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि, शाम 5 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। लोगों को राष्ट्रपति भवन परिसर के गेट नंबर 35 (नॉर्थ एवेन्यू) से प्रवेश दिया जाएगा। आगंतुकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जो सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक हर 30 मिनट में चलेगी।
अमृत उद्यान परिसर में घूमने के लिए तय मार्ग बाल वाटिका, प्लूमेरिया गार्डन, बरगद गार्डन, बोनसाई गार्डन, बबलिंग ब्रूक, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन से होकर गुजरेगा। इस वर्ष आगंतुकों को बहती हुई धारा, झरनों वाली जलधारा और रिफ्लेक्सोलॉजी पाथ वाले बरगद गार्डन का विशेष अनुभव मिलेगा। ट्यूलिप और विभिन्न प्रजातियों के गुलाबों के साथ-साथ यहां गुलाब की कुल 145 किस्में देखने को मिलेंगी, जिनमें ‘भीम’, ‘अर्जुन’ और ‘मदर टेरेसा’ प्रमुख हैं।
अमृत उद्यान को कुछ विशेष वर्गों के लिए अलग-अलग तिथियों पर खोला जाएगा। 3 मार्च को रक्षा कर्मियों के लिए, 5 मार्च को वरिष्ठ नागरिकों के लिए, 10 मार्च को महिलाओं एवं आदिवासी महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए तथा 13 मार्च को दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रवेश दिवस रखा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत आगंतुक मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स या हैंडबैग, पानी की बोतलें तथा शिशुओं के लिए दूध की बोतलें साथ ले जा सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस उद्यान को पहले मुगल गार्डन के नाम से जाना जाता था, जिसे वर्ष 2023 में बदलकर अमृत उद्यान नाम दिया गया था। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह उद्यान एक बार फिर यादगार अनुभव बनने जा रहा है।