बेमेतरा में राजभाषा आयोग का दसवां प्रांतीय सम्मेलन, विजय बघेल बोले- छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति हमारी पहचान

बेमेतरा में राजभाषा आयोग के दसवें प्रांतीय सम्मेलन का गरिमामय शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन पर चर्चा हुई। इस दौरान साहित्यकारों और साहित्य साधकों का सम्मान भी किया गया।

Sep 27, 2026 - 11:07
 0  2
बेमेतरा में राजभाषा आयोग का दसवां प्रांतीय सम्मेलन, विजय बघेल बोले- छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति हमारी पहचान

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l जिले में राजभाषा आयोग के दसवें प्रांतीय सम्मेलन का दो दिवसीय आयोजन शुरू हुआ। सम्मेलन के शुभारंभ कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल और नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से साहित्यकार, कवि और साहित्यप्रेमी शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। रायपुर से पहुंचे कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए बस्तरिया लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की और अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

इसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी और मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन तथा नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ने के विषय पर विचार रखे गए।

मुख्य अतिथि विजय बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी लोकभाषा, लोककला, साहित्य और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि भाषा और साहित्य को सहेजने में राजभाषा आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू और यहां की संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी माटी, संस्कृति, परंपरा और पहचान से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि मां भद्रकाली की पावन नगरी बेमेतरा में राजभाषा आयोग के प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

सम्मेलन के दौरान सांसद विजय बघेल और विधायक दीपेश साहू ने साहित्यकारों द्वारा लगाई गई पुस्तक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में साहित्य और संस्कृति से संबंधित विभिन्न पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकारों और साहित्य साधकों का सम्मान किया गया। प्रदेश के अलग-अलग अंचलों से पहुंचे साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं और विचारों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा की समृद्ध परंपरा और साहित्यिक विरासत को सामने रखा।

इस अवसर पर राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, सचिव अभिलाषा बेहार, डॉ. चितरंजन कर, कवि मीर अली मीर, रामानंद त्रिपाठी, श्याम कश्यप, विजय साहू, विजय मिश्रा, मोहित राम वर्मा, ईश्वर साहू, परदेसी राम वर्मा, कृष्णा भारती, बलदाऊ राम साहू सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार और साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।