रायपुर में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का आयुक्त संबित मिश्रा ने किया निरीक्षण, राहत और बचाव कार्य तेज
रायपुर में भारी बारिश के बीच जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में नगर निगम ने राहत और बचाव अभियान तेज किया है। आयुक्त संबित मिश्रा ने महादेवघाट के समीप विसर्जन कुण्ड और भाठागांव के केसरी बगीचा क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थल पहुंचाने, भोजन उपलब्ध कराने और जलभराव की समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर में बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त संबित मिश्रा ने महादेवघाट के समीप नगर निगम के जोन 8 क्षेत्र अंतर्गत स्थित विसर्जन कुण्ड में जलभराव क्षेत्र का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जलभराव की स्थिति की जानकारी ली और समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयुक्त ने नगर निगम जोन 6 क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव के केसरी बगीचा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां जलभराव के कारण प्रभावित परिवारों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम के साथ नगर निगम की टीम द्वारा राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर अभियान की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव से प्रभावित लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित आश्रय स्थलों में पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को भोजन पैकेट उपलब्ध कराने और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जलभराव की समस्या को जल्द दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया है। नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखते हुए राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन 6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, जोन 8 जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, उपायुक्त जागृति साहू, जोन 6 कार्यपालन अभियंता दिनेश सिंहा, जोन 8 कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, स्वच्छ भारत मिशन नोडल अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता योगेश कुमार कडु सहित नगर निगम के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम प्रशासन ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को प्राथमिकता देने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए और जलभराव की स्थिति को सामान्य करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की जाए।