गोपाष्टमी पर बनवारी गौशाला में श्रद्धा और भक्ति से संपन्न हुआ पूजन कार्यक्रम, गौसंरक्षण का दिया संदेश
गोपाष्टमी के पावन अवसर पर बनवारी गौशाला में श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू परिषद की टीम सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भाग लेकर गौमाता की पूजा-अर्चना की। सभी उपस्थित जनों ने गौसंरक्षण और सनातन संस्कृति के संवर्धन का संदेश दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, बनवारी। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर आज बनवारी गौशाला में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना कर गौसंरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद की टीम सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख अतिथियों में रामसेवक पैकारा, पुनमा चंद्रकर, सरपंच पूर्णिमा साहू, अनीता चौधरी, नमिता साहू, रोहित साहू, डॉली मिश्रा, भैया गुड्डू जसवाल एवं अन्य समाजसेवीजन शामिल रहे।
सभी अतिथियों ने गौमाता की आरती, दुग्धाभिषेक और पुष्पांजलि अर्पित कर गोसेवा के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति की आत्मा है और उसका संरक्षण केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। गोमाता के प्रति आस्था, सेवा और संरक्षण का भाव हमारे जीवन में शुद्धता और समृद्धि लाता है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने “गाय हमारी माता है” और “गोसेवा ही धर्मसेवा है” के उद्घोष के साथ वातावरण को भक्ति और उत्साह से भर दिया।
गोपाष्टमी पर्व पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में गौसंरक्षण, गोसेवा और सनातन परंपराओं के संवर्धन का प्रेरक उदाहरण बना। उपस्थित जनों ने प्रतिवर्ष इस आयोजन को और अधिक भव्य रूप में मनाने का संकल्प लिया।