बचेली पुलिस ने चलाया सायबर फ्रॉड, नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता अभियान

दंतेवाड़ा जिले के बचेली में पुलिस ने सायबर अपराध, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा को लेकर डीएवी स्कूल में जागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी मधुनाथ ध्रुव ने छात्रों को सोशल मीडिया पर फर्जी लिंक, केवाईसी ठगी और नशे के दुष्परिणामों से सचेत किया। वहीं पैरालिगल वालंटियर ने गुड टच और बैड टच की जानकारी दी।

Oct 30, 2025 - 12:51
 0  107
बचेली पुलिस ने चलाया सायबर फ्रॉड, नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता अभियान

UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, बचेली/दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में सायबर अपराध, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा को लेकर बचेली पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदित पुष्कर और एसडीओपी कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम डीएवी स्कूल बचेली में आयोजित किया गया।

 

इस दौरान स्कूल के प्राचार्य एच.के. पाठक, शिक्षकगण और विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालिगल वालंटियर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में थाना प्रभारी मधुनाथ ध्रुव ने विद्यार्थियों को सायबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में फर्जी वेबसाइट, नकली लिंक और स्कैमर्स द्वारा बैंक या टेलीकॉम कंपनी के अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करना आम हो गया है। उन्होंने छात्रों से ऐसे किसी भी संदेश या कॉल से सावधान रहने की अपील की।

थाना प्रभारी ने छात्रों को समझाया कि केवाईसी अपडेट, लॉटरी जीतने, या बैंक डिटेल्स साझा करने के नाम पर कोई भी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल और फ्रॉड कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी।

इसके साथ ही उन्होंने नशा मुक्ति पर भी विस्तार से बात की और कहा कि किसी भी प्रकार का नशा या धूम्रपान स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और इससे छात्र जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।

वहीं विधिक सेवा की पैरालिगल वालंटियर रीता चौहान, सउनि. ज्योति बंजारे और महिला आरक्षक डॉली मानकर ने छात्रों को गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी दी, ताकि वे स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहें।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सायबर ठगी, नशे तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए मानसिक रूप से तैयार करना था। बचेली पुलिस ने यह भी बताया कि आगे ऐसे अभियान अन्य स्कूलों और संस्थानों में भी चलाए जाएंगे, जिससे समाज में सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सके।