बचेली अंग्रेजी शराब दुकान में 1.70 करोड़ का गबन उजागर, एक्साइज इंस्पेक्टर समेत पाँच पर मामला दर्ज
बचेली में अंग्रेजी शराब दुकान में लगभग 1.70 करोड़ रुपए के बड़े गबन का खुलासा हुआ है। विभागीय जांच में कैश और स्टॉक दोनों में भारी अनियमितताएँ पाई गईं। गबन मामले में एक्साइज इंस्पेक्टर अजय शर्मा सहित पाँच कर्मचारियों पर BNS की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, बचेली/दंतेवाड़ा। अंग्रेजी शराब दुकान में पिछले कई महीनों से चल रहे बड़े वित्तीय फर्जीवाड़े का मामला आखिरकार उजागर हो गया है। विभागीय जांच में लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपए के गबन की पुष्टि हुई है। इस मामले में एक्साइज इंस्पेक्टर अजय शर्मा सहित चार कर्मचारियों—मुख्य विक्रयकर्ता दीपक यादव, सेल्समैन देवेंद्र, राकेश और चंद्रशेखर—के खिलाफ BNS की धारा 316, 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि कर्मचारियों ने लंबे समय तक कैश हेराफेरी, फर्जी बैंक जमा पर्चियों और रिकॉर्ड में गलत प्रविष्टियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रकम गायब की। कई पर्चियों पर बैंक की सील तक नहीं थी, फिर भी एक्साइज इंस्पेक्टर ने सभी दस्तावेजों पर बिना आपत्ति हस्ताक्षर कर दिए।
जिले के आबकारी अधिकारी दीपक ठाकुर के नियमित निरीक्षण के बावजूद इतने बड़े फर्जीवाड़े की भनक तक नहीं लगी। जांच में उजागर हुआ कि बिक्री की राशि नियमित रूप से बैंक में जमा नहीं की गई और नकली पर्चियों के जरिए जमा दिखाया जाता रहा। दो महीनों तक प्रतिदिन 4–5 लाख की बिक्री होने के बावजूद बैंक में अमाउंट नहीं पहुँचा।
कैश बही और स्टॉक में भी निरंतर हेराफेरी की गई। कैश गबन करीब ₹83 लाख और ₹77 लाख के शराब स्टॉक की कमी पाई गई। 1 अक्टूबर से 20 नवंबर तक कैश पार ₹77,88,404 और स्टॉक कमी ₹92,09,370 के रूप में दर्ज हुई, कुल गबन लगभग ₹1.70 करोड़ की पुष्टि हुई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है, जिससे पूरे आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।