राजिम मेला आयोजन में बड़े भ्रष्टाचार की आशंका, आम आदमी पार्टी ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने राजिम मेला (कल्प कुंभ) के आयोजन में पारदर्शिता की कमी और टेंडर प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं ने इसे बड़े भ्रष्टाचार की ओर संकेत बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | राजिम मेला (कल्प कुंभ) के आयोजन को लेकर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रुद्रसेन सिन्हा और गरियाबंद जिला अध्यक्ष चमन यादव ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राजिम मेले का आयोजन पारदर्शी तरीके से नहीं किया गया है, जिससे बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार होने की आशंका प्रबल हो गई है।
प्रदेश सचिव रुद्रसेन सिन्हा ने कहा कि जिस तरह बालोद जिले में हुए जम्बूरी आयोजन में अनियमितताएं सामने आई थीं, उसी तर्ज पर अब राजिम मेले के आयोजन में भी नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े आयोजनों में जहां सामान्यतः 30 दिन की टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाती है, वहीं राजिम मेले के लिए केवल 7 दिनों में करीब 7 करोड़ रुपये के टेंडर जल्दबाजी में अपने करीबी ठेकेदारों को आवंटित कर दिए गए।
उन्होंने बताया कि 3 जनवरी को टेंडर अपलोड किए गए और 10 जनवरी तक पूरी प्रक्रिया समाप्त कर दी गई, जो स्वयं सरकार के तय नियमों के विपरीत है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया केवल औपचारिकता निभाने के लिए की गई और वास्तविक उद्देश्य अपने चहेते लोगों को लाभ पहुंचाना था। इस कथित घोटाले में गरियाबंद कलेक्टर और संस्कृति विभाग की संलिप्तता भी नजर आ रही है।
जिला अध्यक्ष चमन यादव ने तीखे शब्दों में कहा कि भाजपा सरकार राजिम जैसे पवित्र धार्मिक आयोजन में भी कमीशनखोरी करना चाहती है। उन्होंने कहा,
“राजिम मेला आस्था और संस्कृति से जुड़ा आयोजन है, लेकिन भाजपा सरकार इसे भी भ्रष्टाचार का माध्यम बना रही है। आम आदमी पार्टी ऐसा होने नहीं देगी।”
पार्टी ने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा गरियाबंद कलेक्टर और संस्कृति विभाग के मुख्य अधिकारी की भूमिका की भी जांच हो। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि सरकार ने इस मामले में संज्ञान नहीं लिया तो आम आदमी पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस संबंध में रुद्रसेन सिन्हा ने जानकारी दी कि आगामी मंगलवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल के नेतृत्व में गरियाबंद जिले में प्रेस वार्ता आयोजित कर इस कथित धांधली से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।