खरोरा को मिली 49.96 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात, विधायक अनुज शर्मा ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन

धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने खरोरा नगर पंचायत में 49.96 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। गार्डन जीर्णोद्धार, स्कूल में अतिरिक्त कक्ष और शौचालय निर्माण तथा मुक्तिधाम सुधार कार्यों के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा भी की गई।

Jun 20, 2026 - 10:33
 0  2
खरोरा को मिली 49.96 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात, विधायक अनुज शर्मा ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में खरोरा नगर पंचायत को लगभग 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन कार्यों की कुल लागत 49.96 लाख रुपये है, जिससे नगर के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 8 में स्थित गार्डन के जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस परियोजना की स्वीकृत लागत 35 लाख रुपये है। गार्डन के विकसित होने से नागरिकों को सैर-सपाटे, व्यायाम और मनोरंजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए यह स्थान एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 3 स्थित पीएम श्री विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष और शौचालय निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। लगभग 9.96 लाख रुपये की लागत से तैयार इस सुविधा का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से पढ़ाई की व्यवस्था और अधिक सुचारू होगी, वहीं शौचालय सुविधा से छात्र-छात्राओं को राहत मिलेगी।

वार्ड क्रमांक 6 में स्थित मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार कार्य का भी लोकार्पण किया गया। पांच लाख रुपये की लागत से किए गए इस कार्य से अंतिम संस्कार स्थल की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी और नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इस अवसर पर अनुज शर्मा ने कहा कि खरोरा नगर पंचायत का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नगर को आदर्श और सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों की शिक्षा, नागरिकों के स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विष्णुदेव साय सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को नई गति मिली है। सरकार द्वारा शहरों और गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार बजट उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि खरोरा में विकास कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनहित के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद विधायक अनुज शर्मा ने खरोरा स्वास्थ्य विभाग में आयोजित जीवन दीप समिति की बैठक में भी भाग लिया। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर बेदरम मनहरे, टिकेश्वर मनहरे, राजीव अग्रवाल, सुनीता अनिल सोनी, सोना वर्मा, सुमित सेन, रश्मि वर्मा सहित सभी वार्डों के पार्षद, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। विकास कार्यों के शुभारंभ से नगरवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया।