आंध्र प्रदेश में लगातार दूसरी बड़ी सफलता: हिड़मा के बाद मेटुरी जोगा राव समेत 7 नक्सली ढेर
आंध्र प्रदेश के मारेडुमिल्ली जंगलों में सुरक्षाबलों ने 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 नक्सलियों को ढेर किया। मारे गए नक्सलियों में टॉप टेक्निकल एक्सपर्ट मेटुरी जोगा राव उर्फ शंकर और 3 महिला नक्सली शामिल हैं। इससे पहले सोमवार को नक्सली कमांडर हिड़मा एक मुठभेड़ में मारा गया था। एडीजी महेश चंद्र लड्डा ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और नक्सलियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. आंध्र प्रदेश | के मारेडुमिल्ली के घने जंगलों में सुरक्षा बलों का ‘लाल आतंक खात्मा’ ऑपरेशन लगातार बड़ी सफलता हासिल कर रहा है। एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत बीते 24 घंटे में सुरक्षाबलों ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मारे गए नक्सलियों में संगठन का तकनीकी एक्सपर्ट और आंध्र–ओडिशा बॉर्डर (AOB) डिवीजन का प्रमुख कैडर मेटुरी जोगा राव उर्फ शंकर भी शामिल है। सात में से 3 महिला नक्सलियों के मारे जाने की भी पुष्टि हुई है।
राज्य के इंटेलिजेंस एडीजी महेश चंद्र लड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह संयुक्त ऑपरेशन मंगलवार से शुरू हुआ था। लगातार तलाशी में सुरक्षा बलों को जंगल के भीतर नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिली, जिसके बाद सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि नक्सली पिछले कुछ समय से छत्तीसगढ़ से आंध्र प्रदेश की ओर मूवमेंट बढ़ा रहे थे, जिस पर इंटेलिजेंस एजेंसियां करीब से नजर रख रही थीं।
मृतकों में शामिल जोगा राव उर्फ शंकर श्रीकाकुलम का रहने वाला था और AOB क्षेत्र में एरिया कमेटी मेंबर (ACM) के रूप में सक्रिय था। वह हथियार निर्माण, संचार तंत्र और तकनीकी नेटवर्क को संचालित करने में माहिर माना जाता था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह AOB जोन में नक्सलियों की तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने वाला प्रमुख कैडर था।
इससे पहले सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में खूंखार नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा समेत छह नक्सली मारे गए थे। हिड़मा की पत्नी राजे उर्फ रजक्का भी इस मुठभेड़ में ढेर हुई थी। ताजा अभियानों के बाद पुलिस ने NTR, कृष्णा, काकीनाडा, कोनसीमा और एलुरु जिलों से 50 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें केंद्रीय कमेटी सदस्य, एरिया कमेटी मेंबर और प्लाटून कैडर शामिल हैं। पुलिस ने अभियानों में 45 हथियार, 272 कारतूस, दो मैगजीन और तकनीकी सामग्री बरामद की है।
एडीजी लड्डा ने बताया कि जंगलों में नक्सलियों द्वारा नए ठिकाने बनाने और स्थानीय कैडर को सक्रिय करने की कोशिश के संकेत मिले थे। इसी आधार पर बड़े पैमाने पर खोज अभियान शुरू किया गया और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।