अंबागढ़ चौकी में सहायक राजस्व निरीक्षक जलील रब्बानी को भावभीनी विदाई, 40 वर्षों की सेवा को किया गया नमन

अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत में सहायक राजस्व निरीक्षक जलील अहमद रब्बानी को 40 वर्षों की सेवा पूर्ण होने पर भावभीनी विदाई दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके योगदान और ईमानदार कार्यशैली की सराहना की।

Apr 1, 2026 - 17:48
 0  2
अंबागढ़ चौकी में सहायक राजस्व निरीक्षक जलील रब्बानी को भावभीनी विदाई, 40 वर्षों की सेवा को किया गया नमन

UNITED NEWS OF ASIA. जावेद खान, अंबागढ़ चौकी। नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले सहायक राजस्व निरीक्षकजलील अहमद रब्बानी को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। वर्ष 1985 में अपनी सेवा शुरू करने वाले श्री रब्बानी ने लगभग 40 वर्षों तक एक ही कार्यालय में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और अब उसी संस्था से सेवानिवृत्त हुए हैं।

सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी विजय पांडे, पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा, पार्षद ईश्वरी ध्रुवे, किशुन पटेल और झरनेश कुंभकार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने रब्बानी की कार्यशैली और सेवाओं को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि श्री रब्बानी एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार अधिकारी रहे, जिन्होंने हमेशा अनुशासन और समन्वय के साथ कार्य किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने अपने संबोधन में कहा कि बहुत कम शासकीय कर्मचारी ऐसे होते हैं, जो जिस संस्था में भर्ती होते हैं, वहीं से अपनी पूरी सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होते हैं। रब्बानी ने अपने पूरे कार्यकाल में एक निर्विवाद और आदर्श कर्मचारी के रूप में पहचान बनाई है।

उन्होंने आगे कहा कि रब्बानी का नगर विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। उनके कार्यों और व्यवहार से अन्य कर्मचारियों को प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस अवसर पर उपयंत्री योगेश्वर सिंह ठाकुर और एकाउंटेंट तिलक यादव ने भी कर्मचारियों से अपील की कि वे श्री रब्बानी के कार्यों और अनुशासन से सीख लेकर अपने कर्तव्यों का पालन करें।

कार्यक्रम के बाद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाजे-गाजे के साथ  रब्बानी को उनके निवास तक विदाई दी। यह दृश्य भावुकता से भरा हुआ था, जहां सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन तिलक यादव ने किया, जबकि आभार ज्ञापन बिट्टू रब्बानी द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने नगर पंचायत और नगरवासियों के प्रति सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर महेश निषाद, दशरथ शर्मा, रामसाय पटेल, रामकुमार देवांगन, कंचन लकड़ा, रघुवेंद्र खरे, सोफू जिलानी, जीवन पटेल, श्यामा यादव, लोकेश सलामे सहित बड़ी संख्या में नगर पंचायत कर्मचारी और स्वच्छता दीदी उपस्थित रहे।

इस प्रकार, जलील रब्बानी की विदाई समारोह ने उनके चार दशकों के समर्पित सेवा काल को यादगार बना दिया और सभी के दिलों में उनके प्रति सम्मान और स्नेह की भावना को और मजबूत किया।