सेजस नूतन चौक में हुआ “जागरूक नारी” कार्यक्रम, मासिक धर्म और यातायात सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
बिलासपुर के सेजस नूतन चौक, सरकंडा में आर्यन फिल्म द्वारा “जागरूक नारी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी देकर झिझक और भ्रांतियों को दूर करना तथा उन्हें स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना रहा। कार्यक्रम में मासिक धर्म जागरूकता सत्र के साथ यातायात सुरक्षा पर भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के सवालों का सहजता से समाधान किया, जबकि यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस कप्तान रजनेश सिंह सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l सेजस नूतन चौक, सरकंडा में आर्यन फिल्म द्वारा “जागरूक नारी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और बच्चियों को मासिक धर्म से संबंधित वैज्ञानिक एवं सही जानकारी उपलब्ध कराना, झिझक और भ्रांतियों को दूर करना तथा उन्हें स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना रहा।
कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस कप्तान रजनेश सिंह एवं यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन में Rapido, Hotel Banshiwala, Arena Animation, Tercel Herbal, Aashirwad Eye Hospital एवं Jeevdharni Foundation ने भी सहयोग किया।
मासिक धर्म को लेकर वैज्ञानिक जानकारी
कार्यक्रम के दौरान मासिक धर्म जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें डॉ. कविता पुजारा, डॉ. आकांक्षा दीक्षित और विनीता पटेल ने विद्यार्थियों को मासिक धर्म से जुड़ी आवश्यक एवं वैज्ञानिक जानकारी दी। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के सवालों का सहजता से जवाब दिया और मासिक धर्म से जुड़े भ्रम एवं झिझक को दूर करने का प्रयास किया।
डॉ. उषा किरण वाजपेयी ने मासिक धर्म जागरूकता के साथ बच्चों को उनके अधिकारों, सम्मान और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को समझने और आवश्यकता पड़ने पर उचित व्यक्ति या विशेषज्ञ से मदद लेने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
यातायात नियमों की दी जानकारी
कार्यक्रम में यातायात जागरूकता को भी प्रमुखता दी गई। यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने, यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के महत्व को समझाया।
इस दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद और सहभागिता का सकारात्मक माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में सेजस नूतन चौक की प्राचार्या डॉ. गायत्री तिवारी ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सही जानकारी देना उनके आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
आर्यन फिल्म परिवार ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, विशेषज्ञों, स्कूल परिवार, सहयोगी संस्थाओं और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि सामाजिक विषयों पर खुलकर बातचीत करने से झिझक कम होती है और सही जानकारी के माध्यम से बच्चों को अधिक जागरूक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संदेश रहा—
“बात होगी, झिझक टूटेगी…
जानकारी बढ़ेगी, जागरूकता बढ़ेगी।”
“जागरूक नारी” कार्यक्रम को स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में आयोजित किया गया।