सारंगगढ़ के हरदी हवाईअड्डे में विराट हिंदू सम्मेलन सम्पन्न, प्रबल प्रताप जूदेव और पंडित अजय उपाध्याय ने दिया सनातन एकता का संदेश
सारंगगढ़ जिले के हरदी हवाईअड्डे में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें हजारों धर्मप्रेमियों ने भाग लिया। प्रबल प्रताप जूदेव ने घर वापसी कार्यक्रम के तहत सैकड़ों लोगों को पुनः सनातन धर्म में दीक्षा दिलाई, जबकि पंडित अजय उपाध्याय ने ओजस्वी प्रवचन से सनातन धर्म की महिमा का बखान किया।
UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पांडे, सारंगगढ़। जिले के ग्राम हरदी हवाईअड्डे में आज विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी जनसमुदाय उपस्थित रहा। मंच पर प्रमुख वक्ता के रूप में पंडित अजय उपाध्याय और हिंदू ह्रदय सम्राट स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के सुपुत्र प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने धर्मसभा को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान पंडित अजय उपाध्याय ने अपने ओजस्वी प्रवचन में सनातन धर्म की महिमा, संस्कृति की जड़ें और एकता के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक और सामाजिक पद्धति है जो मानवता को जोड़ती है।
वहीं, प्रबल प्रताप जूदेव ने अपने पिता दिलीप सिंह जूदेव द्वारा आरंभ किए गए घर वापसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए सैकड़ों लोगों को पद प्रक्षालन के माध्यम से पुनः सनातन हिंदू धर्म में दीक्षित किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मिक पुनर्जागरण का उत्सव है।
कार्यक्रम में धर्मप्रेमियों ने ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से वातावरण को गूंजा दिया। आयोजन में सारंगगढ़ क्षेत्र के अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस विराट सम्मेलन ने सारंगगढ़ की धरती पर सनातन धर्म, एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का एक नया संदेश दिया।