उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन का किया लोकार्पण

कचहरी पारा, कवर्धा में 1.94 करोड़ रुपये की लागत से बने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अंग्रेजी माध्यम के नए भवन का उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लोकार्पण किया। इस भवन में आधुनिक कक्षाएं, लाइब्रेरी, कार्यालय और प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक वातावरण में सुधार होगा।

Feb 1, 2026 - 13:12
 0  8
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन का किया लोकार्पण

UNITED NEWSW OF ASIA. कवर्धा। कचहरी पारा, कवर्धा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अंग्रेजी माध्यम के नव निर्मित भवन का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के करकमलों द्वारा किया गया। इस भवन का निर्माण 1.94 करोड़ रुपये (194.67 लाख) की लागत से सम्पन्न हुआ है। लोकार्पण समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष  पवन जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. बीरेन्द्र साहू, पार्षद अजय ठाकुर,  बिहारी धुर्वे,  सुषमा सोनू उपाध्याय, श्री दीपक सिन्हा,  उमंग पांडेय, सतविंदर पाहुजा,  शानू साहू सहित जनप्रतिनिधि, मोहल्लेवासी और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षणिक वातावरण प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि नव निर्मित भवन से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे मन लगाकर अध्ययन कर सकेंगे और अपने भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर सकेंगे।  शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए लगन, मेहनत और अनुशासन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि कठोर परिश्रम करने वाले विद्यार्थी ही आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तक की पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास भी दें। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा प्रदान करती है और बच्चों में सृजनात्मक सोच, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करती है।

नव निर्मित विद्यालय भवन में आधुनिक कक्षाएं, लाइब्रेरी, कार्यालय कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में सुधार होगा और विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए सभी संसाधन उपलब्ध होंगे। इस लोकार्पण कार्यक्रम से विद्यालय और क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।