नगरी में भक्ति कार्यक्रम के दौरान चोरी का फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 1.74 लाख की संपत्ति बरामद

धमतरी जिले के नगरी में जैन मंदिर में आयोजित भक्ति कार्यक्रम के दौरान हुई चोरी के मामले में पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी हितेश्वर मरकाम को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पहले से तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं। कुल 1,74,000 रुपये का माल बरामद हुआ।

Dec 3, 2025 - 15:16
 0  24
नगरी में भक्ति कार्यक्रम के दौरान चोरी का फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 1.74 लाख की संपत्ति बरामद

 UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन , धमतरी | जिले की नगरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 7 अक्टूबर 2025 को नगरी स्थित जैन मंदिर में आयोजित भक्ति कार्यक्रम के दौरान हुई चोरी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी हितेश्वर मरकाम उर्फ प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस तीन अन्य आरोपियों तामेन्द्र यादव, पुष्पजीत खरे और लक्की गुप्ता को गिरफ्तार कर 1,74,000 रुपये मूल्य के नकदी, जेवर और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर चुकी थी।

घटना के दिन प्रार्थी मनोज कुमार जैन अपने परिवार के साथ रात 9:30 बजे घर में ताला लगाकर कार्यक्रम में गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने गोडरेज अलमारी खुली पाई, जिसमें रखे 2,15,000 रुपये नकद और चांदी का करधन, पायल और सिक्का सहित कुल 2,65,000 रुपये मूल्य का सामान चोरी हो चुका था। नगरी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की और लगातार तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी रखी।

जांच में सबसे पहले आरोपी तामेन्द्र यादव को पकड़ा गया, जिसके पास से चांदी का करधन, आठ जोड़ी पायल, एक चांदी का सिक्का और 20,000 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी पुष्पजीत खरे से चोरी की रकम से खरीदी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जप्त की गई। तीसरे आरोपी लक्की गुप्ता के पास से 25,000 रुपये नकद बरामद हुए।

मुख्य आरोपी हितेश्वर मरकाम घटना के बाद फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नगरी बस स्टैंड में मौजूद है। जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर धर दबोचा। पूछताछ में उसने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की और बताया कि चोरी के 30,000 रुपये उसकी हिस्सेदारी में आए थे, जिन्हें उसने खर्च कर दिया। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस को भी आरोपी की निशानदेही पर जप्त किया गया।

नगरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सभी आरोपियों पर अपराध क्रमांक 47/2025 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305 और 3(5) के अंतर्गत कार्रवाई जारी है।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत 112 या नजदीकी थाना–चौकी को दें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।