करतला धान मंडी में दिव्यांग दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, 95 ग्रामीण हुए लाभान्वित
करतला धान उपार्जन केन्द्र में अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित हुआ, जिसमें दिव्यांगजन अधिकार, पेंशन योजनाएँ और मुफ्त विधिक सहायता की जानकारी दी गई। 95 ग्रामीण शामिल हुए।
UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पांडे, चंपा | कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्र (धान मंडी) करतला में अंतर्राष्ट्रीय निशक्तजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के मार्गदर्शन में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पैरालीगल वॉलिंटियर्स लाला राम राठिया और मो. आवेश कुरैशी द्वारा किया गया।
शिविर में ग्रामीणों को बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस हर वर्ष 3 दिसंबर को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 1992 में प्रस्ताव 47/3 के माध्यम से इस दिवस को मनाने की घोषणा की थी।
शिविर में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के प्रावधानों, समान अवसर, अधिकारों की सुरक्षा, पूर्ण भागीदारी और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पैरालीगल वॉलिंटियर्स द्वारा बताया गया कि 40% या अधिक विकलांगता वाले पात्र व्यक्तियों को प्रतिमाह ₹1,000 पेंशन दी जाती है, जबकि कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों को ₹3,000 मासिक पेंशन का प्रावधान है। साथ ही नालसा के टोल फ्री नंबर 15100, निशुल्क विधिक सहायता, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1988 तथा अन्य जन–उपयोगी कानूनी प्रक्रियाओं से ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
शिविर में कुल 95 ग्रामीण सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजन अधिकारों को जन–जन तक पहुँचाना और उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना रहा।