रायपुर: नवा रायपुर में बनेगा छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स का नया भवन, दीपावली के बाद भूमिपूजन की तैयारी

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बैठक में नवा रायपुर के सेक्टर-24 में प्रस्तावित नए भवन के ले-आउट पर चर्चा की गई। अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में वरिष्ठ सदस्यों ने पार्किंग, सभागृह, ऑडिटोरियम, अतिथि कक्ष और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुझाव दिए। चेम्बर अध्यक्ष ने बताया कि ले-आउट में अंतिम संशोधन के बाद दीपावली के पश्चात भूमिपूजन किया जाएगा।

Oct 25, 2026 - 08:15
 0  3
रायपुर: नवा रायपुर में बनेगा छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स का नया भवन, दीपावली के बाद भूमिपूजन की तैयारी

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रस्तावित नए भवन के निर्माण को लेकर 22 अक्टूबर 2026 को रायपुर के चै. देवीलाल व्यापार उद्योग भवन, बॉम्बे मार्केट में बैठक आयोजित की गई। शाम 4 बजे हुई इस बैठक में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में वरिष्ठ सदस्यों और पदाधिकारियों ने नवा रायपुर में प्रस्तावित भवन के ले-आउट का अवलोकन किया और निर्माण को लेकर सुझाव साझा किए। बैठक का उद्देश्य भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सर्वसुविधायुक्त भवन के निर्माण के लिए नीतिगत मार्गदर्शन प्राप्त करना था।

चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने उपस्थित सदस्यों को जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नवा रायपुर के सेक्टर-24 में नवीन चेम्बर भवन के लिए भूमि आवंटित की गई है। उन्होंने बताया कि शासन के सहयोग से भूमि की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है और 30 वर्ष की लीज का भुगतान भी चेम्बर द्वारा कर दिया गया है। नए भवन के निर्माण के लिए ले-आउट तैयार किया गया है। उन्होंने वरिष्ठ सदस्यों से इसमें आवश्यक संशोधन और सुधार के लिए सुझाव देने का अनुरोध किया।

बैठक में उपस्थित वरिष्ठ सदस्यों ने प्रस्तावित ले-आउट की सराहना करते हुए इसे चेम्बर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। सदस्यों ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए व्यापारियों तथा उद्योगपतियों के लिए सुविधाजनक भवन का निर्माण आवश्यक है।

चेम्बर संरक्षक बलदेव सिंह भाटिया ने नए भवन के लिए सतीश थौरानी को बधाई देते हुए सुझाव दिया कि भविष्य में भवन निर्माण और संचालन के लिए चेम्बर के पास 6 से 7 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) होनी चाहिए। इसके लिए व्यापारियों और उद्योगपतियों की विशेष बैठक बुलाकर सहयोग राशि जुटाने का सुझाव भी दिया गया।

चेम्बर संरक्षक शिवराज भंसाली ने कहा कि वर्तमान चेम्बर भवन का निर्माण पूरनलाल अग्रवाल और चंद सुन्दरानी के कार्यकाल में हुआ था। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए भवन का निर्माण भी सतीश थौरानी के कार्यकाल में बेहतर ढंग से पूरा होगा। चेम्बर सलाहकार संतोष जैन ने प्रस्तावित ले-आउट को अच्छा बताते हुए जरूरत के अनुसार मीटिंग हॉल और अन्य कक्षों के आकार में बदलाव की संभावना पर चर्चा की। उन्होंने चेम्बर सदस्यों से अतिरिक्त 500 रुपये सहयोग राशि लेने का सुझाव दिया, जिससे एक वर्ष में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये जुटाए जा सकें।

बैठक में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। सलाहकार विजय मुकीम ने कहा कि नवा रायपुर में भवन होने के कारण सदस्यों के कार से आने की संभावना अधिक रहेगी, इसलिए पर्याप्त पार्किंग जरूरी है। वरिष्ठ सदस्य राजेन्द्र जग्गी ने भवन को ऑडिटोरियम शैली में विकसित करने, प्रस्तावित कमरों की संख्या में पांच से सात कमरे बढ़ाने और पार्किंग की उचित व्यवस्था करने का सुझाव दिया। कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने वास्तु के अनुसार निर्माण कराने की बात कही, जबकि अन्य सदस्यों ने सभागृह, ऑडिटोरियम और बाहर से आने वाले व्यापारियों के लिए अतिथि कक्ष जैसी सुविधाओं पर विचार रखने की अपील की।

चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने सभी वरिष्ठ सदस्यों के सुझावों और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ले-आउट में अंतिम संशोधन के बाद दीपावली के पश्चात जल्द ही भूमिपूजन किया जाएगा।

बैठक में कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, पूरनलाल अग्रवाल, सरल मोदी, संजय रूंगटा, अरविंद जैन, किशोर आहूजा, अशोक मलानी, विजय मुकीम, संतोष जैन, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, चेतन तारवानी, राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, कपिल दोशी, विकास आहूजा, मनमोहन अग्रवाल, राजेन्द्र जग्गी, सुशील रामदास, दिलीप इसरानी, डॉ. ईला गुप्ता, नम्रता अग्रवाल सहित चेम्बर के अनेक पदाधिकारी और वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।