कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेवसाय ने बैंक की शाखा में स्थापित 24 घंटे संचालित एटीएम का भी उद्घाटन किया। उन्होंने डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सहकारी बैंक हमेशा से आम जनता के सबसे भरोसेमंद साथी रहे हैं। इन बैंकों के माध्यम से छोटे व्यवसायियों, किसानों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आसानी से बैंकिंग सेवाएं और वित्तीय सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि रायपुर में टीजेएसबी सहकारी बैंक की नई शाखा खुलने से स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई शाखा के माध्यम से छोटे दुकानदारों, स्वरोजगार करने वाले युवाओं और नए उद्यम शुरू करने की इच्छा रखने वाले लोगों को वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सुविधा होगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सहकार से समृद्धि” का जो अभियान देशभर में चलाया जा रहा है, उसका उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से समाज के हर वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी दिशा में काम करते हुए सहकारिता मॉडल को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेवसाय ने टीजेएसबी बैंक की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि इस बैंक ने एक छोटे से प्रयास के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी और आज इसका विस्तार कई राज्यों तक हो चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रायपुर में शुरू हुई यह शाखा भी सहकारिता की भावना को मजबूत करते हुए लोगों के जीवन में आर्थिक समृद्धि के नए अवसर पैदा करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सहकारिता के माध्यम से आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं और पहल कर रही है। सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त किया जाएगा।
इस अवसर पर टीजेएसबी बैंक के अध्यक्ष शरद गांगल, उपाध्यक्ष वैभव सिंगवी, व्यवस्थापकीय संचालक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी निखिल आरेकर सहित बैंक के अन्य पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बैंक के ग्राहक और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।