तिल्दा-नेवरा में दुकान का शटर तोड़कर तांबा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने मोटर वाइंडिंग दुकान में शटर और ताला तोड़कर करीब 15 से 20 किलो तांबा चोरी करने के मामले में राहुल सेन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का तांबा और घटना में प्रयुक्त औजार समेत अन्य सामग्री बरामद की है। पूछताछ में हथबंद क्षेत्र की एक अन्य चोरी की घटना में भी आरोपी की संलिप्तता सामने आई है।
UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा-नेवरा l तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में दुकान का शटर और ताला तोड़कर तांबा चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल सेन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से चोरी का तांबा तथा घटना में प्रयुक्त औजार, चाकू, हथौड़ानुमा वस्तु सहित अन्य संबंधित सामग्री बरामद की है। आरोपी को 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 5 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 की रात सुभाष चौक नेवरा स्थित ताज मोटर वाइंडिंग दुकान में अज्ञात आरोपी ने शटर और ताला तोड़कर प्रवेश किया था। दुकान के अंदर रखे करीब 15 से 20 किलोग्राम तांबे के सामान को चोरी कर लिया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
चोरी की घटना की जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदेही की पहचान कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना और पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल सेन की घटना में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा थाना हथबंद, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा क्षेत्र में भी चोरी की घटना कारित करना सामने आया है। इस संबंध में हथबंद पुलिस से समन्वय स्थापित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी राहुल सेन, पिता संतोष मनसाना, उम्र 33 वर्ष, वार्ड क्रमांक 19, जोता रोड, तिल्दा, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर का निवासी है। मामले में अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्तता को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई भी की जा रही है। थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की लगातार पतासाजी की जा रही है।