रायगढ़ में सूने मकान में चोरी का खुलासा, चक्रधरनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई लाखों के जेवरात चोरी का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल, नगदी, दो स्कूटी और जेवर गलाने में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है।

May 13, 2026 - 19:03
 0  3
रायगढ़ में सूने मकान में चोरी का खुलासा, चक्रधरनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवालव l छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चक्रधरनगर पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, नगदी रकम, दोपहिया वाहन और जेवर गलाने में उपयोग की गई सामग्री बरामद की है। पुलिस ने घटना के महज 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के विनोबा नगर निवासी संतोष कुमार देवांगन ने 9 मई 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 मई को वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरे की खिड़की तथा अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 70 हजार रुपए बताई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने सक्रिय मुखबिर तंत्र, तकनीकी इनपुट और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपी रोशन सिंह, शिवा सोनी और धरमदास महंत उर्फ प्रेम को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोना-चांदी जैसा धातु, गलाए हुए चांदी के टुकड़े, नगदी रकम, टूटा हुआ ताला, टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी, एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 13 BL 4874 और धातु गलाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए चोरी किए गए कुछ जेवरों को गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया था। वहीं कुछ सामान केलो नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले में संगठित अपराध और साक्ष्य विलोपित करने से संबंधित अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन सिंह निवासी विजयपुर, शिवा सोनी निवासी विजयपुर और धरमदास महंत उर्फ प्रेम निवासी पंजरीप्लांट, थाना चक्रधरनगर के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस तकनीकी जांच, सक्रिय मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई के जरिए लगातार अपराधों पर अंकुश लगाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।