बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 का समापन, गजेंद्र यादव बने “मैन ऑफ द सीरीज”

बेमेतरा जिले के ग्राम घुरसेना में आयोजित बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 का शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ी गजेंद्र यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए “मैन ऑफ द सीरीज” का खिताब जीता। समापन समारोह में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए।

May 13, 2026 - 19:05
 0  2
बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 का समापन, गजेंद्र यादव बने “मैन ऑफ द सीरीज”

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बेमेतरा जिले के ग्राम घुरसेना में आयोजित बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 का शानदार समापन हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन 10 मई से 12 मई 2026 तक किया गया, जिसमें जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

इस प्रतियोगिता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया लघु केंद्र भिम्भौरी और जनता हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र गजेंद्र यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शानदार रेडिंग और मजबूत डिफेंस के दम पर गजेंद्र यादव को प्रतियोगिता का “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया।

पुरस्कार स्वरूप गजेंद्र यादव को रेंजर साइकिल प्रदान की गई। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गजेंद्र यादव नियमित रूप से खेलो इंडिया केंद्र में प्रशिक्षक कामता प्रसाद के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। उनकी मेहनत और अनुशासन का परिणाम प्रतियोगिता में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

प्रतियोगिता का आयोजन एम.पी. क्लब घुरसेना द्वारा किया गया था। आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय निर्णायक नारायण यादव सहित राज्य स्तरीय निर्णायक अंकित निर्मलकर, भानु यादव, उमेश साहू, सोनू साहू, जे.आर. रजक, धनेन्द्र, मुकेश्वर, रुपेश यादव और केदार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी निर्णायकों ने निष्पक्ष और अनुशासित ढंग से मुकाबलों का संचालन किया।

समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। मंत्री दयाल दास बघेल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में प्रेरित करते हैं। सरकार भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण स्तर पर खेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

जिला खेल अधिकारी पिंकी मनहर और सहायक जिला खेल अधिकारी उपेन्द्र सेंगर ने भी आयोजन की सफलता पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।

बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 ने ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ा है।