महतारी वंदन योजना ई-केवाईसी में अनियमितता पर कार्रवाई, कबीरधाम में 6 सीएससी आईडी बंद

कबीरधाम जिले में महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी कार्य में अनियमितता पाए जाने पर जिला प्रशासन ने 6 सीएससी वीएलई आईडी बंद कर दी हैं। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने स्पष्ट कहा है कि ई-केवाईसी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

May 13, 2026 - 19:09
 0  3
महतारी वंदन योजना ई-केवाईसी में अनियमितता पर कार्रवाई, कबीरधाम में 6 सीएससी आईडी बंद

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में महतारी वंदन योजना के तहत चल रहे ई-केवाईसी अभियान में अनियमितता पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच के बाद जिले में कुल 6 सीएससी वीएलई आईडी निष्क्रिय कर दी गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य तेजी से जारी है। सभी विभागीय सीएससी वीएलई को पंचायत भवनों और वार्ड कार्यालयों में निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी हितग्राहियों को केंद्र तक लाने और प्रक्रिया में सहयोग करने की जिम्मेदारी दी गई है।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अधिकारियों को पंचायत स्तर पर नियमित निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई करने की बात भी कही गई है। इसी क्रम में जांच के बाद बोड़ला क्षेत्र में 1, कवर्धा में 4 और पंडरिया में 1 सीएससी वीएलई आईडी को बंद किया गया है।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि महतारी वंदन योजना गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के हित में चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजना है। इसलिए ई-केवाईसी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, राशि की मांग या हितग्राहियों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार जिन हितग्राहियों के आधार विवरण में त्रुटियां सामने आई हैं, उनका सुधार परियोजना कार्यालय के माध्यम से दो से तीन दिनों के भीतर कराया जा रहा है। सुधार के बाद दोबारा ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जिले में सर्वर संबंधी कोई समस्या नहीं है और अब तक लगभग 83 प्रतिशत हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य पूरा किया जा चुका है।

कबीरधाम जिला महतारी वंदन योजना ई-केवाईसी कार्य में पूरे छत्तीसगढ़ में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। जिला प्रशासन निर्धारित समय-सीमा के भीतर शेष हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य पूरा करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रहा है।

जिला प्रशासन ने आम लोगों की सुविधा के लिए शिकायत दर्ज कराने हेतु संपर्क नंबर भी जारी किया है। यदि किसी वीएलई द्वारा ई-केवाईसी के नाम पर पैसे की मांग की जाती है या किसी प्रकार की अनैतिक गतिविधि की जाती है, तो इसकी जानकारी सीएससी जिला प्रबंधक महेंद्र साहू के मोबाइल नंबर 9630868510 पर दी जा सकती है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शिकायत मिलने पर त्वरित जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

महतारी वंदन योजना के सफल संचालन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बिना किसी परेशानी के पहुंच सके।