जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से करें निराकरण : विधायक ईश्वर साहू

बेमेतरा जिले के ग्राम घीवरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में विधायक ईश्वर साहू ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और विभिन्न योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों को प्रदान किया गया।

May 13, 2026 - 19:01
 0  0
जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से करें निराकरण : विधायक ईश्वर साहू

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत घीवरी में आयोजित “जनसमस्या निवारण शिविर” में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष पहल की गई। शिविर में साजा विधायक ईश्वर साहू ने शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे, जिन्होंने राशन कार्ड, पेंशन, पेयजल, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ईश्वर साहू ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने कहा कि शासन द्वारा आम जनता के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का सही क्रियान्वयन होने से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधायक ईश्वर साहू ने “सुशासन तिहार” को सुशासन का उत्सव बताते हुए कहा कि यह केवल एक सरकारी आयोजन नहीं बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करे, यही इस अभियान का उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार का मुख्य ध्येय जनता की सेवा है। सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक लाया गया है, ताकि पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।”

शिविर में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को विधायक ने निर्देशित किया कि सभी प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाए और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और मौके पर ही समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान कई हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ भी प्रदान किया गया। पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। लाभ प्राप्त करने वाले ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए शासन की इस पहल की सराहना की।

स्थानीय नागरिकों ने जनसमस्या निवारण शिविर को आम जनता के लिए बेहद उपयोगी और राहत देने वाली पहल बताया। लोगों का कहना है कि गांव स्तर पर शिविर आयोजित होने से उनकी समस्याओं का समाधान आसानी से हो पा रहा है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। शिविर के माध्यम से शासन और प्रशासन ने ग्रामीणों के बीच भरोसे को मजबूत करने का प्रयास किया।