महर्षि कश्यप जयंती पर केशरवानी समाज ने लिया सामाजिक उत्थान का संकल्प
दुर्ग-भिलाई में छत्तीसगढ़ केशरवानी वैश्य सेवा समिति ने महर्षि कश्यप जयंती समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा और जरूरतमंद परिवारों की मदद पर जोर दिया गया। तीन समाजसेवियों ने 25-25 हजार रुपये देकर ट्रस्ट की आजीवन सदस्यता ली।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l छत्तीसगढ़ केशरवानी वैश्य सेवा समिति दुर्ग-भिलाई द्वारा रविवार को महर्षि कश्यप जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। दुर्ग रेलवे स्टेशन के सामने स्थित इंडियन कॉफी हाउस में आयोजित समारोह की शुरुआत महर्षि कश्यप की पूजा-अर्चना और गणेश वंदना के साथ हुई। कार्यक्रम में समाज की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष निलेश गुप्ता ने सामाजिक एकता और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर सामाजिक विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लिए महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई। सेवानिवृत्त जीएसटी अधिकारी सूर्यकांत गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता और बीएसपी अधिकारी स्वयं प्रकाश गुप्ता ने 25-25 हजार रुपये का योगदान देकर वेलफेयर ट्रस्ट की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। समाज की ओर से इस पहल का स्वागत किया गया और इसे सामाजिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
समारोह में तहसीलदार से डिप्टी कलेक्टर बने प्रफुल्ल कुमार गुप्ता का सम्मान किया गया। इसके साथ ही शिक्षा और प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे बच्चों अपूर्वा, प्रणव, आयुषी और अर्चना गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान समाज के सदस्यों ने प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन संगीता केशरवानी ने किया। आयोजन नगर अध्यक्ष आनंद गुप्ता और प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से केशरवानी समाज ने सामाजिक एकता, शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।