पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को रूपा रेड्डी अपने घर में अकेली थीं और बाद में मृत पाई गईं। उनके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। जांच में सामने आया कि हत्या से पहले उनके घर में दो नाबालिग छात्रों के पहुंचने की आशंका थी।
‘बाबू’ शब्द से मिला अहम सुराग
पुलिस ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले रूपा रेड्डी अपनी मौसी से फोन पर बात कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने ‘बाबू’ शब्द कहा और कुछ ही देर बाद फोन बंद हो गया। जांचकर्ताओं ने इस शब्द को महत्वपूर्ण माना, क्योंकि तेलंगाना में बच्चों या छात्रों को संबोधित करने के लिए भी ‘बाबू’ शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।
इसके बाद पुलिस ने स्कूल के छात्रों की गतिविधियों की जांच शुरू की। जांच के दौरान दो 10वीं कक्षा के छात्रों पर संदेह गहराया।
पार्टी और महंगे सामान से बढ़ा शक
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों छात्रों के व्यवहार में अचानक बदलाव देखा गया। वे दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे और उनके पास खर्च करने के लिए बड़ी रकम थी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जांच के दौरान एक नाबालिग के पास से 1.51 लाख रुपये नकद और आईफोन बरामद होने की बात सामने आई। छात्र ने रकम को लेकर अलग दावा किया, लेकिन पुलिस के अनुसार नकदी की फोरेंसिक जांच में इंसानी खून के निशान मिले।
पहले भी प्रिंसिपल की नजर में आया था छात्र
पुलिस के मुताबिक, घटना से करीब 15 दिन पहले एक छात्र कथित तौर पर स्कूल में चोरी करते हुए पकड़ा गया था। प्रिंसिपल और स्कूल स्टाफ ने उसे मोबाइल और नकदी से भरे बैग के साथ पकड़ा था। इसके बाद उसे डांट लगाई गई और उसके माता-पिता को भी उसके व्यवहार की जानकारी दी गई थी।
पुलिस का कहना है कि इसी घटना के बाद छात्र को डर था कि प्रिंसिपल उसके खिलाफ कार्रवाई कर सकती हैं।
पांच दिन पहले बनाई थी हत्या की योजना
पुलिस के मुताबिक, स्कूल में फीस जमा होने के दौरान दोनों छात्रों को लगा कि प्रिंसिपल के घर में बड़ी रकम हो सकती है। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर चोरी और हत्या की योजना बनाई।
जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों ने घटना से पहले इलाके की रेकी की और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का पता लगाया। कथित तौर पर दस्ताने और चाकू का भी इंतजाम किया गया।
11 अगस्त को एक छात्र कथित तौर पर घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुआ, जबकि दूसरा बाहर इंतजार कर रहा था। घर में मौजूद प्रिंसिपल ने छात्र को देख लिया और ‘बाबू’ कहकर संबोधित किया। पुलिस के मुताबिक, पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हमले के बाद आरोपी कथित तौर पर नकदी लेकर वहां से फरार हो गए। वारदात के बाद सबूत मिटाने के प्रयास का भी आरोप है। फिलहाल पुलिस दोनों नाबालिगों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।