रायपुर में अवैध नल कनेक्शनों पर निगम की कार्रवाई, 4 कनेक्शन काटे; बकायादार को 24 अगस्त तक मोहलत
रायपुर नगर निगम ने बकाया राजस्व वसूली अभियान के तहत जोन-2 में चार अवैध नल कनेक्शन काटे। वहीं जोन-3 में बकाया राशि जमा नहीं करने पर एक कनेक्शन विच्छेद किया गया। संबंधित बकायादार ने 1.10 लाख रुपये का पूरा भुगतान करने के लिए 24 अगस्त तक का समय मांगा, जिसे निगम ने लिखित अनुरोध पर मंजूर किया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नगर निगम रायपुर ने बकाया राजस्व की वसूली और अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर सभी 10 जोन में राजस्व वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जोन-2 में चार अवैध नल कनेक्शन काटे गए, जबकि जोन-3 में बकाया राशि जमा नहीं करने पर एक नल कनेक्शन विच्छेद किया गया।
जोन-2 में चार अवैध नल कनेक्शन काटे
नगर निगम जोन-2 के राजस्व विभाग ने जल विभाग की टीम के साथ मिलकर इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 27 में कार्रवाई की। धीरज चौहान और राजेश चौहान के घरों में पाए गए अवैध नल कनेक्शनों को काट दिया गया।
इसके अलावा जोन-2 के वार्ड क्रमांक 35 क्षेत्र में देवी सिंह और पीला सिंह के घरों में भी अवैध नल कनेक्शन पाए जाने पर उन्हें विच्छेदित किया गया। इस तरह जोन-2 क्षेत्र में कुल चार अवैध नल कनेक्शनों पर कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई जोन-2 जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के निर्देश पर जोन सहायक राजस्व अधिकारी विजय शर्मा और संबंधित राजस्व कर्मचारियों की मौजूदगी में की गई।
बकाया नहीं चुकाने पर जोन-3 में कनेक्शन काटा
वहीं नगर निगम जोन-3 के राजस्व विभाग ने वार्ड क्रमांक 12 के शंकर नगर क्षेत्र में बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ता के खिलाफ कार्रवाई की। जल विभाग की टीम के साथ पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने संबंधित घर का नल कनेक्शन तत्काल विच्छेद कर दिया।
नगर निगम के अनुसार बकायादार विवेक कुमार गुप्ता पर 1 लाख 10 हजार रुपये की राशि बकाया है। कार्रवाई के दौरान उन्होंने नगर निगम को पूरी बकाया राशि जमा करने के लिए 24 अगस्त 2026 तक का समय देने का लिखित अनुरोध किया।
24 अगस्त तक भुगतान की मोहलत
बकायादार के लिखित अनुरोध पर नगर निगम जोन-3 राजस्व विभाग ने उन्हें 24 अगस्त तक पूरी बकाया राशि जमा करने का समय दिया है। यह मोहलत जोन-3 जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के निर्देश पर जोन सहायक राजस्व अधिकारी मंकुराम धीवर द्वारा मौके पर दी गई।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार सभी 10 जोन में बकाया राजस्व की वसूली का अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही अवैध नल कनेक्शन पाए जाने पर नियमानुसार उन्हें विच्छेदित करने की कार्रवाई भी की जाएगी। निगम ने उपभोक्ताओं से समय पर बकाया राशि जमा करने और वैध नल कनेक्शन का ही उपयोग करने की अपील की है।